रयान टेन डोएशे कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े, क्रिकेट रणनीति प्रमुख के रूप में निभाएंगे नई भूमिका

Prabhasakshi Image

भारतीय टीम के सहायक कोच के रूप में कार्यकाल समाप्त होने के बाद रयान टेन डोएशे आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ गए हैं। वह फ्रेंचाइजी में क्रिकेट रणनीति प्रमुख की भूमिका निभाएंगे। इसके तहत वह केकेआर से जुड़ी वैश्विक टीमों के विकास और प्रतिभा खोज की भी निगरानी करेंगे।

कोलकाता, 29 जुलाई भारतीय टीम के सहायक कोच के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त करने के बाद रयान टेन डोएशे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से जुड़ गए हैं जहां वह क्रिकेट रणनीति प्रमुख की भूमिका निभाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुष्टि की है कि टेन डोएशे और फील्डिंग कोच टी दिलीप का अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। नीदरलैंड के पूर्व बल्लेबाज टेन डोएशे अब केकेआर फ्रेंचाइजी में एक नई भूमिका में नजर आएंगे, जिसमें क्रिकेट रणनीति, प्रतिभा खोज और विश्व भर में केकेआर से जुड़ी टीमों के विकास पर निगरानी रखना शामिल है।

टेन डोएशे केकेआर फ्रेंचाइजी में खिलाड़ियों की खोज, उनके चयन, टीम योजना और प्रदर्शन का मूल्यांकन करने में भी अहम भूमिका निभाएंगे। टेन डोएशे कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, आईएलटी20 में अबूधाबी नाइट राइडर्स और मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के सहायक कोच के रूप में भी कार्य करेंगे। केकेआर के एक बयान में टेन डोएशे ने कहा, ‘‘यह हमारे वैश्विक फ्रेंचाइजी में कोचिंग और टीमों के आकलन से जुड़े लोगों के साथ काम करने, हमारे प्रतिभा खोज और खिलाड़ी विकास प्रणालियों को मजबूत करने और एक दीर्घकालिक क्रिकेट रणनीति बनाने का एक अनूठा अवसर है।’’ टेन डोएशे 2012 और 2014 में केकेआर की आईपीएल चैंपियन बनने वाली टीम के सदस्य थे।

केकेआर ने जब 2024 में तीसरा खिताब जीता था तब वह उसके कोचिंग स्टाफ के सदस्य थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़