French Open की तैयारियों पर सवाल, Novak Djokovic ने Monte Carlo Masters से भी नाम वापस लिया

दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने मियामी ओपन के बाद अब मोंटेकार्लो मास्टर्स से भी नाम वापस ले लिया है। इंडियन वेल्स में मिली हार के बाद से कोर्ट से दूर जोकोविच के इस क्ले-कोर्ट टूर्नामेंट से हटने से उनके आगामी फ्रेंच ओपन की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
नोवाक जोकोविच ने दाहिने कंधे की चोट के कारण मियामी ओपन में भाग न लेने के बाद मोंटेकार्लो मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट से भी नाम वापस ले लिया है। इस क्लेकोर्ट टूर्नामेंट के आयोजकों ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर जोकोविच के टूर्नामेंट से हटने की घोषणा करते हुए लिखा, ‘‘हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द ही कोर्ट पर वापसी करेंगे।’’
इस पोस्ट में 38 वर्षीय जोकोविच के टूर्नामेंट से हटने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन ने दो सप्ताह पहले बीएनपी पारिबास ओपन के चौथे दौर में जैक ड्रेपर से तीन सेटों में हारने के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। एक साल पहले मोंटेकार्लो में जोकोविच दूसरे दौर में एलेजांद्रो तबिलो से हार गए थे। दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी जोकोविच ने भी टूर्नामेंट से नाम वापस लेने के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।
अन्य न्यूज़















