Jannik Sinner ने Madrid में रचा इतिहास, तोड़ा Novak Djokovic का बड़ा रिकॉर्ड!

मैड्रिड ओपन में अपनी 28वीं लगातार जीत दर्ज कर यानिक सिनर ने अपने करियर का आठवां मास्टर्स खिताब जीता और अब वह जोकोविच के रिकॉर्ड की बराबरी करने के करीब हैं। प्रमुख प्रतिद्वंदियों की चोट के बीच सिनर को आगामी इटालियन और फ्रेंच ओपन के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
टेनिस जगत में इस समय इटली के युवा खिलाड़ी यानिक सिनर का नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है, जिन्होंने अपनी शानदार फॉर्म से एक बार फिर इतिहास रच दिया है। रविवार को खेले गए मैड्रिड टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सिनर ने जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को एकतरफा अंदाज में 6-1, 6-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
बता दें कि यह मुकाबला केवल 57 मिनट तक चला, जिसमें सिनर ने पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और अपने खेल से दर्शकों को प्रभावित किया है। मौजूद जानकारी के अनुसार, इस जीत के साथ सिनर ने मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 28 मैच जीतने का रिकॉर्ड भी कायम किया है, जो उनकी निरंतरता और शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है।
गौरतलब है कि इस साल सिनर का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है और उन्होंने अब तक 30 मुकाबलों में से 28 जीत दर्ज की हैं। खास बात यह है कि उन्होंने इस वर्ष के पहले चार बड़े मास्टर्स खिताब—इंडियन वेल्स, मियामी ओपन, मोंटे कार्लो और अब मैड्रिड—लगातार जीत लिए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया हैं, जिन्होंने साल 2015 में शुरुआती तीन खिताब जीते थे।
सिनर का दबदबा यहीं नहीं रुकता, क्योंकि वह लगातार पांच मास्टर्स टूर्नामेंट जीत चुके हैं, जिसमें वर्ष के अंत का चैम्पियनशिप खिताब भी शामिल है। उनके करियर की बात करें तो वह अब तक नौ में से आठ मास्टर्स खिताब जीत चुके हैं और आगामी इटालियन ओपन में जीत दर्ज कर वह जोकोविच के नौ खिताबों के रिकॉर्ड की बराबरी करने के करीब पहुंच सकते है।
हालांकि, बता दें कि पिछले साल सिनर को डोपिंग मामले में तीन महीने के प्रतिबंध का सामना करना पड़ा था, जिसके कारण वह कई बड़े टूर्नामेंट नहीं खेल पाए थे। इसके बावजूद उन्होंने वापसी के बाद जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे खेल के जानकार ‘जबरदस्त वापसी’ मान रहे हैं।
गौरतलब है कि आने वाले समय में इटली और फ्रांस में होने वाले बड़े टूर्नामेंट में भी सिनर को मजबूत दावेदार माना जा रहा है, खासकर तब जब उनके प्रमुख प्रतिद्वंदी कार्लोस अल्कारेज और जैक ड्रेपर चोट के कारण बाहर चल रहे हैं।
अन्य न्यूज़















