India vs New Zealand सीरीज के लिए 48 घंटे में बिके रिकॉर्ड 26,000 टिकट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, अक्टूबर में शुरू होने वाले 12 मैचों के आगामी दौरे के लिए 'क्रिकेट नेशन' सदस्यों की टिकट खिड़की खुलते ही शुरुआती दो दिनों में 26,000 टिकट बिक गए। ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले सीमित ओवरों के मुकाबलों की मांग सबसे अधिक रही, जबकि क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन के मैचों को लेकर भी प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आम दर्शकों के लिए इन मैचों के टिकटों की बिक्री सात सितंबर से शुरू होगी।

भारत के बहु प्रारूप के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है और मेजबान क्रिकेट बोर्ड द्वारा सदस्यों के लिए शुरू की गई टिकटों की बिक्री के शुरुआती 48 घंटे में 26,000 टिकट बिक गए। अक्टूबर में शुरू होने वाला 12 मैच का यह दौरा न्यूजीलैंड क्रिकेट के ‘क्रिकेट नेशन’ सदस्यों के लिए सोमवार को शुरू हुई टिकट बिक्री में अब तक का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरा है। ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले सीमित ओवर के मुकाबलों के टिकटों की बिक्री सबसे तेज रही है।

क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन में भी टिकटों की अच्छी मांग सामने आई है। नौ हजार दर्शकों की क्षमता वाले हेगले ओवल में 22 और 24 अक्टूबर को होने वाले शुरुआती दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के अलावा 27 नवंबर से एक दिसंबर तक होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट के भी खचाखच भरने की उम्मीद है। वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय और दूसरे एकदिवसीय मैच के टिकटों की बिक्री भी शुरुआती चरण में मजबूत रही है।

बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से पहला टेस्ट खेला जाएगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य विपणन एवं वाणिज्यिक अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि प्रशंसकों ने समय रहते टिकट सुरक्षित करने की अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने किचली के हवाले से कहा, ‘‘शुरू से ही हमारा संदेश प्रशंसकों के लिए यही रहा है कि वे पहले से तैयारी कर लें जिससे कि टिकट से वंचित नहीं रह जाएं और पहले दो दिनों में रिकॉर्ड बिक्री से साबित होता है कि कई लोगों ने हमारी बात सुनी है।’’ उन्होंने कहा कि भारत से जुड़े क्रिकेट मुकाबलों का रोमांच महसूस करने और दुनिया के कुछ सबसे बड़े खेल सितारों को प्रतिस्पर्धा करते देखने का यह न्यूजीलैंड के प्रशंसकों के लिए दुर्लभ अवसर है।

क्रिचली ने कहा कि टिकटों की कीमत पिछले सत्र के समान रखी गई है और ‘क्रिकेट नेशन’ के प्रवेश कोड का इस्तेमाल करने पर एक टिकट 30 न्यूजीलैंड डॉलर से कम में उपलब्ध है। आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री सात सितंबर से शुरू होगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि प्रशंसक ‘क्रिकेट नेशन’ के लिए पंजीकरण कर पूर्व बिक्री का लाभ उठा सकते हैं और 15 प्रतिशत की छूट प्राप्त कर सकते हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़