दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक 171 विकेट लेकर बनीं शीर्ष गेंदबाज

दुबई में आयोजित महिला एशिया कप में भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने थाईलैंड के खिलाफ बिना कोई रन दिए तीन विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपने 150वें टी20 मैच में कुल 171 विकेट पूरे कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली तीसरी भारतीय और दुनिया की 12वीं महिला क्रिकेटर भी बनी हैं।
अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रविवार को महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ महिला एशिया कप में भारत की 94 रन की जीत के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। दीप्ति ने अपने 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय में खेलते हुए 171 विकेट पूरे किए।
वह हरमनप्रीत कौर (203) और स्मृति मंधाना (172) के बाद 150 या उससे अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली तीसरी भारतीय बनीं। दुनिया में वह 150 या उससे अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली केवल 12वीं महिला क्रिकेटर हैं। थाईलैंड के खिलाफ ग्रुप ए के मुकाबले में दाएं हाथ की ऑफ-स्पिनर दीप्ति ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 1.1 ओवर में एक मेडन, बिना कोई रन दिए तीन विकेट लिए और इसी प्रदर्शन के साथ 171 विकेट के आंकड़े तक पहुंचीं।
दीप्ति ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया, लेकिन कहा कि उनका ध्यान अपनी गेंदबाजी में लगातार सुधार करने और टीम के लिए योगदान देने पर है। उन्होंने कहा, ‘‘150 से ज्यादा विकेट लेने से भी ज्यादा गर्व की बात भारतीय ‘लोगो’ के साथ भारतीय जर्सी पहनना है। एक भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सही चीजें करना ही सबसे महत्वपूर्ण है।
’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं सोचती कि मेरा सामना किस खिलाड़ी या टीम से होने वाला है। मेरा ध्यान इस बात पर रहता है कि मैं खुद को कैसे बेहतर बनाती रहूं और अपनी गेंदबाजी इकाई की कैसे मदद करूं। ’’ दीप्ति ने एशिया कप अभियान से पहले ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में आयोजित शिविर को भी भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लगे शिविर ने हमें काफी आत्मविश्वास दिया और अब हम एशिया कप जीतने के लिए उत्सुक हैं। ’’ थाईलैंड के खिलाफ एक भी रन नहीं देने वाली दीप्ति ने भारत के लिए तीन विकेट लेने के दौरान सबसे कम रन देने का रिकॉर्ड भी बनाया। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दीप्ति शीर्ष पर हैं।
उनके बाद थाईलैंड की थिपाट्चा पुथावोंग 170 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। रवांडा की हेनरिएट इशिमवे 164 विकेट के साथ तीसरे, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 154 विकेट के साथ चौथे और हांगकांग की कारी चांग 153 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
अन्य न्यूज़













