Commonwealth Kabaddi Championship: भारतीय टीम ने तंजानिया को 48-20 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अहमदाबाद में भारतीय पुरुष टीम ने एकतरफा मुकाबले में तंजानिया को हराकर पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप के अंतिम चार में प्रवेश कर लिया है। ग्रुप चरण में लगातार पांच जीत दर्ज करने के बाद भारत का अंकतालिका में शीर्ष स्थान पक्का हो गया है। मुकाबले में भारतीय रेडरों ने 30 और डिफेंस ने 10 टैकल अंक हासिल किए।

भारतीय पुरुष टीम ने मंगलवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए तंजानिया को 48-20 से हराकर पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने अब तक ग्रुप चरण के अपने सभी पांच मुकाबले जीते हैं और बृहस्पतिवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले आखिरी ग्रुप मैच से पहले ही उसका शीर्ष पर रहना तय हो गया है। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया और दबदबा कायम रखते हुए मध्यांतर तक 25-8 की बढ़त बना ली।

भारतीय रेडरों ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने रेड से 30 अंक जुटाए जबकि तंजानिया की टीम 15 अंक ही हासिल कर सकी। भारत ने टैकल अंक में भी 10-5 की बढ़त बनाई।

डिफेंस में शुभम शिंदे (पांच अंक), दीपक एस (तीन अंक) और प्रवेश (दो अंक) ने शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले कीनिया की महिला टीम ने अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए स्कॉटलैंड को 61-16 से करारी शिकस्त दी जबकि मलेशिया की महिला टीम ने भी सिंगापुर को 62-17 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में बांग्लादेश ने मिजानुर रहमान के 12 और दिपायोन गोल्डर के 10 अंकों की मदद से सिंगापुर को 60-28 से हराया।

कनाडा ने स्कॉटलैंड को 62-30 से करारी शिकस्त दी। कनाडा की जीत में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। अनमोल ठाकुर ने 19 और मनप्रीत सिंह ने 15 अंक जुटाए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़