Asian Youth Championship: Team India का दमदार प्रदर्शन, Medal पक्का कर World Championship में बनाई जगह

Asian Youth Championship
प्रतिरूप फोटो
AI Image

एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय अंडर-19 लड़कों की टीम ने हांगकांग को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश करते हुए कांस्य पदक पक्का कर लिया है। इस जीत से टीम ने 2027 विश्व युवा चैंपियनशिप के लिए भी सीधा क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया, अब उनका सामना चीन से होगा।

भारत की अंडर-19 लड़कों की टीम ने सोमवार को बैंकॉक में एशियाई युवा चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग को 3-1 से हराकर कम से कम कांस्य पदक और अगले साल होने वाली विश्व युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में सीधे प्रवेश पक्का कर लिया। हांगकांग ने शुरुआती बढ़त बनाई जब ली की हो ने प्रियानुज भट्टाचार्य को 11-6, 7-11, 11-8, 11-8 से हराया। भारत ने पीबी अभिनंद के एक कड़े मुकाबले में वोंग एल्विन पर 8-11, 11-7, 11-3, 5-11, 11-4 की जीत से जल्द ही बराबरी कर ली। फिर एमआर बालमुरुगन ने लो का किट को 11-8, 11-4, 11-7 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई।

अभिनंद ने ली की हो को 11-9, 9-11, 11-5, 11-6 से हराकर जीत पक्की कर दी। भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय चीन का सामना करेगी। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है। साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सभी चार टीम ने 2027 विश्व युवा चैंपियनशिप के लिए स्वत: क्वालीफिकेशन भी हासिल कर लिया है। भारतीय लड़कों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है।

इससे पहले उन्होंने थाईलैंड और उज्बेकिस्तान को 3-0 से हराकर ग्रुप दो में शीर्ष स्थान हासिल किया था और फिर क्वार्टर फाइनल में बाय मिलने से सीधे प्रवेश किया। हालांकि भारतीय अंडर-19 लड़कियां पदक दौर तक नहीं पहुंच सकीं और क्वार्टर फाइनल में हांगकांग से 1-3 से हार गईं। अब उन्हें अगले साल की विश्व युवा चैंपियनशिप के लिए एशियाई क्वालीफिकेशन प्रक्रिया के जरिए क्वालीफाई करना होगा। इस बीच अंडर-15 बालिका टीम स्पर्धा में चीन ने क्वार्टर फाइनल में भारत को 3-0 से हराया। इससे पहले अंडर-15 लड़कों की टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से 0-3 से हार गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़