दिल्ली में RSS मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, अध्यक्ष उदय भानु चिब हिरासत में

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 30 अगस्त को दिल्ली के झंडेवालान स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति के पन्ने जलाए और भाजपा व संघ की विचारधारा को दलित विरोधी बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने हिरासत में लेकर पहाड़गंज थाने भेज दिया।
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने यहां झंडेवालान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा और संघ की विचारधारा को ‘भेदभावपूर्ण और जातिवादी’ बताया तथा इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति के पन्ने भी जलाए। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शन की अगुवाई की।
उनके हाथ में संविधान की एक प्रति थी और उन्होंने युवा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मनुस्मृति के खिलाफ नारे लगाए। तस्वीरों में प्रदर्शनकारियों को संविधान की प्रस्तावना की प्रतियां, मनुस्मृति का विरोध करने वाले पोस्टर और इस प्राचीन ग्रंथ की प्रतियां लिये हुए देखा गया। कुछ प्रदर्शनकारियों को मनुस्मृति के पन्ने जलाते हुए देखा गया, जबकि आधी जली हुई प्रतियां और ‘मनुस्मृति को नकारो’ लिखे पोस्टर जमीन पर पड़े थे।
इसे भी पढ़ें: Mohan Bhagwat ने New York में उद्योग जगत से की वार्ता, भारत-अमेरिका रिश्तों पर हुई चर्चा
चिब ने आरोप लगाया कि देश में संविधान की विचारधारा और भाजपा-संघ की विचारधारा के बीच लड़ाई चल रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा-संघ की विचारधारा मनुस्मृति से प्रेरित है और ‘‘दलित-विरोधी’’ है। चिब ने कहा, ‘‘यह देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं।’’ उन्होंने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक कार्यक्रम के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ की भी आलोचना की।
इसे भी पढ़ें: सच्चाई vs भ्रम: मनुस्मृति में नारी को लेकर ऐसा लिखा क्या है? जिस पर होता है बवाल
उन्होंने कहा कि यह घटना दलितों और संविधान का अपमान है। भारतीय युवा कांग्रेस के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने चिब को हिरासत में ले लिया और पहाड़गंज पुलिस स्टेशन ले गई। इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरि कृष्ण और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
युवा कांग्रेस के दावों पर आरएसएस की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया।
अन्य न्यूज़













