UP के सभी 75 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल Skill Development और रोजगार जोन, CM Yogi का ऐलान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में कौशल एवं रोजगार जोन स्थापित करने की घोषणा की है। इस योजना की शुरुआत गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर से हुई है, जबकि सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों के लिए बजट तय हो चुका है। ये केंद्र युवाओं का पंजीकरण कर उन्हें प्रशिक्षण देंगे और उद्योगों में नौकरियां दिलाएंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को घोषणा की कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल एवं रोजगार जोन स्थापित किए जाएंगे जो युवाओं को उद्योग उन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराएंगे। पटेल की 151वीं जयंती पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि यह पहल पांच जिलों- गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी एवं गौतमबुद्ध नगर में शुरू की गई है, जबकि सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों में केंद्र स्थापित करने के लिए धन पहले ही निर्धारित किया जा चुका है। योगी ने कहा कि सरकार धन उपलब्ध कराएगी और स्थानीय अधिकारी इन केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराएंगे जिसे उद्योगों और अन्य संस्थानों के साथ साझीदारी में विकसित किया जाएगा।

आदित्यनाथ ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण गौतमबुद्ध नगर में टाटा के साथ मिलकर एक बड़ा केंद्र स्थापित कर रहा है, जबकि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण भी इस पहल में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा, हम धीरे धीरे इस पहल का सभी 75 जिलों में विस्तार करेंगे। रोजगार तलाश रहा कोई भी व्यक्ति चाहे वह युवा हो या अधेड़ उम्र का व्यक्ति हो, इन केंद्रों से संपर्क कर सकता है जो उनके लिए अवसर सुलभ कराएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केंद्र नौकरी तलाश रहे लोगों का पंजीकरण करेंगे, उनकी रुचि, शैक्षणिक योग्यता आदि का आकलन करेंगे, उन्हें प्रासंगिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराएंगे और फिर फैक्टरियों, संस्थानों और अन्य कार्यस्थलों पर उन्हें नौकरी दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि विदेश में काम करने की आकांक्षा रखने वाले अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य देशों में आवश्यक भाषा और कौशल में प्रशिक्षित किया जाएगा। आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने कौशल विकास कार्यक्रमों में उद्योग की विशेषज्ञता और टेक्नोलॉजी लाने के लिए कई संगठनों के साथ सहमति ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।

उत्तर प्रदेश की युवा आबादी को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रदेश में देश का सबसे युवा कार्यबल है और इन युवाओं को रोजगार लायक बनाने के लिए इनका कौशल विकास करना आवश्यक है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पूर्व में माफियाओं के गिरोहों का रोजगार के अवसरों पर नियंत्रण था और युवा लोग रोजगार से वंचित रह जाते थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सीधी सरकारी नौकरियां दीं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़