नौ नवंबर को बना था Uttarakhand, जानें इस तारीख से जुड़ी देश-दुनिया की अहम घटनाएं

वर्ष 2000 में नौ नवंबर को उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड देश का सत्ताइसवां राज्य बना था। शुरुआत में इसे उत्तरांचल कहा गया और जनवरी 2007 में इसका आधिकारिक नाम बदलकर उत्तराखंड किया गया। इसी तारीख को 1989 में बर्लिन की दीवार गिराई गई थी और 1947 में जूनागढ़ भारत में शामिल हुआ था।
नयी दिल्ली, नौ नवंबर नौ नवंबर की तारीख इतिहास में उत्तराखंड के स्थापना दिवस के तौर पर दर्ज है। पृथक उत्तराखंड की मांग को लेकर कई वर्षों तक चले आंदोलन के बाद आखिरकार नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड को सत्ताइसवें राज्य के रूप में भारत गणराज्य में शामिल किया गया। वर्ष 2000 से 2006 तक इसे उत्तरांचल के नाम से पुकारा जाता था, लेकिन जनवरी 2007 में स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इसका आधिकारिक नाम बदलकर उत्तराखंड कर दिया गया।
देश दुनिया के इतिहास में नौ नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1236 : रूकनुद्दीन फिरोज शाह को फांसी दी गई। 1270 : महान संत नामदेव का जन्म। 1877 : उर्दू के महान कवि और दार्शनिक मोहम्मद इकबाल का जन्म।
वह सियालकोट में पैदा हुए, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। 1922 : अल्बर्ट आइंस्टाइन को 1921 में भौतिक शास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने का फैसला किया गया। नोबेल समिति ने किन्हीं कारणों से 1921 के पुरस्कार के विजेता का चयन 1922 में किया।
1943 : संयुक्त राष्ट्र राहत और पुनर्वास प्रशासन की स्थापना की गई और शुरू में 44 देशों ने इसकी स्थापना पर सहमति जताई। 1947 : जूनागढ़ को भारतीय संघ में शामिल किया गया। 1960 : भारत के पहले एयर चीफ मार्शल सुब्रत मुखर्जी का निधन।
1989 : तीन दशक तक पश्चिमी और पूर्वी बर्लिन को अलग करने वाली बर्लिन की दीवार को गिरा दिया गया। इसे 1961 में बनाया गया था और इसकी लंबाई बढ़ते-बढ़ते 45 किलोमीटर तक पहुंच गई थी। 1989 : ब्रिटेन में मौत की सज़ा पर पूरी तरह से रोक लगाई गई।
1996 : एवेंडर होलीफील्ड ने तकनीकी आधार पर माइक टायसन को हराकर विश्व हैवीवेट मुक्केबाजी का खिताब तीसरी बार जीता। 2000 : उत्तराखंड की स्थापना। लंबे समय से चली आ रही पृथक राज्य की मांग को स्वीकार करते हुए उत्तर प्रदेश के एक हिस्से को नया राज्य बनाया गया।
2004 : मोज़िला फायरफॉक्स 1.0 जारी: इंटरनेट ब्राउज़र फायरफॉक्स का पहला आधिकारिक संस्करण जारी हुआ। इससे बेहतर टैब-आधारित ब्राउज़िंग, ऐड-ऑन और थीम के जरिए कस्टमाइज़ेशन की सुविधा, और ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म की सुविधा उपलब्ध हुई। 2005 : जॉर्डन की राजधानी अम्मान में तीन अंतरराष्ट्रीय होटलों (ग्रैंड हयात, रैडिसन एसएएस और डेज़ इन) पर समन्वित आत्मघाती बम हमले हुए, जिनमें 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और 115 से अधिक लोग घायल हुए थे।
2012 : म्यांमा में ईंधन ले जा रही ट्रेन पटरी से उतरकर आग की चपेट में आ गई जिससे 27 लोगों की मौत हुई और लगभग 80 घायल हुए। 2024 : 2024 को पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा रेलवे स्टेशन के पास भीषण बम विस्फोट हुआ। इस हमले में 27 लोगों की मौत हुई और 62 घायल हुए।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली 2025 : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) द्वारा किये गए संपादन की आलोचना के बाद, बीबीसी के महानिदेशक टिम डेवी और समाचार सेवा प्रमुख डेबोरा टर्नेस ने इस्तीफा दिया। उन्हें छह जनवरी 2021 को वाशिंगटन में ‘कैपिटल हिल’ (संसद परिसर) पर प्रदर्शनकारियों के धावा बोलने से पहले ट्रंप द्वारा दिए गए भाषण को संपादित करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था।
अन्य न्यूज़














