UP STF ने Lucknow में 1.40 करोड़ रुपये के सात दुर्लभ बाज किए बरामद, तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल ने मदेयगंज इलाके से एक अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर फिरोज मुसर्रत खान को पकड़ा है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह यूपी के जंगलों से दुर्लभ पक्षियों को पकड़कर मुंबई के रास्ते खाड़ी देशों में भेजता था। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अति दुर्लभ संरक्षित एवं प्रतिबंधित वन्य जीवों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक अन्तर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात बाज बरामद किये हैं जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य 1.40 करोड़ रुपये है। एसटीएफ ने एक बयान जारी कर बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान फिरोज मुसर्रत खान के रूप में की गई है जो भायखला रेलवे स्टेशन के पास का रहने वाला है। बयान में कहा गया है कि उसे शाम साढ़े सात बजे लखनऊ के मदेयगंज थाना अंतर्गत इरादत नगर मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त ने पूछताछ में एसटीएफ को बताया कि वह प्रतिबंधित एवं संरक्षित पक्षियों और वन्य जीवों की तस्करी करने वाले गिरोह का सदस्य है। यह गिरोह गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर के जंगलों से वन्य जीवों को पकड़ता है जिसे मुंबई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुबई, सऊदी अरब, बहरीन में भेजा जाता है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना मदेयगंज में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 49, 50, 51 के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अन्य न्यूज़













