वाराणसी MLC स्नातक चुनाव: Akhilesh Yadav बोले- जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश विधानपरिषद की वाराणसी खंड स्नातक सीट पर 48 घंटे से अधिक समय से मतगणना जारी है, जहां सपा प्रत्याशी आशुतोष सिंह करीब 17000 मतों से आगे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहकर केंद्र पर डटे रहने की अपील की है। राज्य की 11 में से घोषित 10 सीटों में भाजपा छह और सपा चार सीटों पर जीत चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश विधानपरिषद की वाराणसी खंड स्नातक सीट के लिए पिछले करीब 48 घंटे से मतगणना जारी रहने के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का डटे रहने और जीत का प्रमाण पत्र लेकर ही उठने का आह्वान किया। वाराणसी खंड स्नातक सीट के लिए मतगणना करीब 48 घंटे से भी ज्यादा समय से जारी है जिसमें सपा उम्मीदवार आशुतोष सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के केदारनाथ सिंह से करीब 17000 मतों से आगे चल रहे हैं। इससे पहले, बुधवार को घोषित परिणाम में वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र की सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की थी।
सपा प्रमुख ने वाराणसी खंड स्नातक सीट की मतगणना के बीच बृहस्पतिवार सुबह एक्स पर एक पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये आदि की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें तथा हौसलों के गीत गाकर जागते रहें… ‘‘सवेरा अपना होगा।’’ यादव ने हिदायत दी, ‘‘सड़क पर लिखी वह चेतावनी याद रखें : नजर हटी, दुर्घटना घटी।’’ उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खंड शिक्षक और स्नातक श्रेणी की 11 सीट में से 10 के परिणाम घोषित किये जा चुके हैं जिनमें भाजपा ने छह और सपा ने चार सीट हासिल की हैं। जारी किये गये आधिकारिक परिणाम के अनुसार, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉक्टर आकाश अग्रवाल और आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत हासिल की। इसके अलावा इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक क्षेत्र से सपा के डॉक्टर मानसिंह यादव, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी विजयी रहे।
लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह ने जीत हासिल की है। जिला प्रशासन ने देर रात इसकी पुष्टि की। इस तरह कुल 10 घोषित परिणामों में छह सीट भाजपा और चार सपा को मिली हैं।
उत्तर प्रदेश की खंड शिक्षक एवं स्नातक वर्ग की विधानपरिषद की कुल 11 सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे शुरू हुई थी।
अन्य न्यूज़













