Maharashtra Police ने मीरा भायंदर में देह व्यापार रैकेट पकड़ा, महिला एजेंट अरेस्ट

महाराष्ट्र के मीरा भायंदर में पुलिस ने एक होटल के पास जाल बिछाकर दो महिलाओं को बचाया और एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया। आरोपी एजेंट मुंबई, ठाणे और गोवा के होटलों में महिलाएं भेजती थी। मामले में एक अन्य महिला एजेंट की तलाश जारी है।
महाराष्ट्र के मीरा भायंदर-वसई विरार में पुलिस ने कथित वेश्यावृत्ति गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है और दो महिलाओं को बचाया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। नवघर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मुकुंद यादव ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर मुंबई, ठाणे, मीरा भायंदर, लोनावला और गोवा के होटल-रेस्तरा आदि में ग्राहकों के लिए महिलाएं भेजती थी।
यादव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला एजेंट मुंबई के बाहरी इलाके भायंदर पूर्व में एक होटल के पास महिलाएं पहुंचाने के लिए आयेगी, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार को जाल बिछाया। वरिष्ठ निरीक्षक के मुताबिक पुलिस दल ने एक नकली ग्राहक और स्वतंत्र गवाहों को तैनात किया, जिसके बाद उन्होंने उस जगह पर छापा मारा एवं एजेंट को गिरफ्तार कर लिया। यादव ने बताया कि मुक्त कराई गई महिलाएं (जिनकी उम्र 41 और 32 वर्ष है) और गिरफ्तार की गयी आरोपी बांग्ला टीवी धारावाहिकों, टॉक शो, मॉडलिंग और फोटो शूट में काम कर चुकी है।
उन्होंने बताया कि एक दूसरी महिला एजेंट फरार है और उसे ढूढ़ने के साथ-साथ इस नेटवर्क में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिशें की जा रही हैं। वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा कि नवघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं अनैतिक देह व्यापार रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है तथा मुक्त कराई गई महिलाओं को आश्रय गृह में भेजने के इंतजाम किये जा रहे हैं।
अन्य न्यूज़













