श्रीनगर में नेकां और भाजपा के आमने-सामने प्रदर्शन के ऐलान पर सुरक्षा कड़ी, कई रास्ते सील

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

श्रीनगर में भाजपा के सचिवालय घेराव और नेशनल कॉन्फ्रेंस के जवाबी मार्च के आह्वान के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लाल चौक व जवाहर नगर में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने भाजपा कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों को सील कर दिया है और घंटाघर की तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी है। नेकां ने राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर और भाजपा ने चुनावी वादों के मुद्दे पर प्रदर्शन का ऐलान किया है।

श्रीनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सिविल सचिवालय का घेराव करने के कार्यक्रम और सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) की जवाबी प्रदर्शन की योजना के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लाल चौक और जवाहर नगर में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़ को रोकने के लिए जवाहर नगर स्थित भाजपा कार्यालय की ओर जाने वाली सड़कों को सील कर दिया गया है, जबकि लाल चौक स्थित घंटाघर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे घंटाघर पर एकत्र हों और वहां से झेलम नदी पर बने बुदशाह पुल के रास्ते सिविल सचिवालय की ओर मार्च करें।

वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने कार्यकर्ताओं से राजबाग स्थित गिंदुन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाहर जुटने और वहां से भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करने को कहा है। राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर नेकां जम्मू श्रीनगर में भाजपा मुख्यालय का घेराव करेगी, जबकि यहां भाजपा का सिविल सचिवालय का घेराव उमर अब्दुल्ला सरकार पर चुनावी वादे पूरे करने में कथित विफलता के विरोध में है। नेकां ने घोषणा की है कि वह जम्मू और श्रीनगर में विपक्षी भाजपा के मुख्यालय का घेराव करेगी।

पार्टी की मांग है कि संसद और उच्चतम न्यायालय में केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने को लेकर किए गए वादों के लिए जवाबदेही तय की जाए। नेकां ने यह विरोध प्रदर्शन भाजपा के बुधवार को सिविल सचिवालय के घेराव के ऐलान के जवाब में किया है। भाजपा ने 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान उमर अब्दुल्ला सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा करने में कथित विफलता के विरोध में सचिवालय का घेराव करने की घोषणा की थी।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू कश्मीर के युवा सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और नेकां की सरकार को इन सवालों का जवाब देना होगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़