प्रतापगढ़ में बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता विवेक यादव का शव आवास पर फंदे से लटका मिला

प्रतापगढ़ में बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता विवेक यादव का शव आवास पर फंदे से लटका मिला
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में उदयपुर पावर हाउस पर तैनात 38 वर्षीय कनिष्ठ अभियंता विवेक यादव ने अपने सरकारी आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को ड्यूटी पर न पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उनका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रतापगढ़, एक सितंबर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार दोपहर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) का शव उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने मंगलवार देर शाम बताया कि जौनपुर जिले के रहने वाले विवेक यादव (38) यहां उदयपुर पावर हाउस में कनिष्ठ अभियंता के पद पर तैनात थे और पावर हाउस के पास पत्नी व बच्चों के साथ रहते थे।

उन्होंने बताया कि यादव की पत्नी रक्षाबंधन पर बच्चों के साथ मायके गई हुई थी और वह आवास पर अकेले थे। अधिकारी ने बताया कि यादव के पूर्वाह्न 10 बजे ड्यूटी पर न पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने कई बार उनसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि दोपहर में कर्मचारी आवास पर पहुंचे और उन्होंने कमरा बंद पाया तथा आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और यादव का शव फंदे से लटका पाया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका और मामले की जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़