Kanika Kapoor का बड़ा फैसला, पति Gautam Hathiramani से शादी के चार साल बाद हुईं अलग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पार्श्व गायिका कनिका कपूर ने अपने पति गौतम हथीरमानी से अलग होने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया कि दोनों ने आपसी विचार-विमर्श के बाद अपने रास्ते अलग करने का निर्णय लिया है। कनिका ने इस कठिन समय में प्रशंसकों से निजता का सम्मान करने की अपील भी की।

नयी दिल्ली, चार नवंबर ‘बेबी डॉल’, ‘लवली’ और ‘दा दा दस्से’ जैसे लोकप्रिय गीतों के लिए मशहूर पार्श्व गायिका कनिका कपूर शादी के चार साल बाद पति गौतम हथीरमानी से अलग हो गयी हैं। गायिका (48) ने बुधवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि काफी सोच-विचार के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है।

कनिका ने पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रिय मित्रों और परिवार, काफी सोच-विचार के बाद मैंने और मेरे पति ने अलग-अलग रास्ते पर चलने का फैसला किया है। हम दोनों ने जो समय साथ बिताया, उसके लिए मैं आभारी हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी से अनुरोध करती हूं कि जिंदगी में आगे बढ़ने के इस सफर में हमारी निजता का सम्मान करें और हमारे प्रति संवेदनशीलता बरतें।’’ कनिका की इससे पहले व्यवसायी राज चंडोक से शादी हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां अयाना और समारा तथा एक बेटा युवराज शामिल हैं।

वह 1998 में 18 साल की उम्र में राज से शादी कर लंदन चली गई थीं। वहां वह कई साल तक रहीं और अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। दोनों 2012 में अलग हो गए, जिसके बाद कनिका संगीत के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए भारत लौट आईं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़