Sabarimala Pilgrimage में समय पर इलाज से बची 14 श्रद्धालुओं की जान, 20 हजार को मिली मेडिकल मदद

Sabarimala Pilgrimage में समय पर इलाज से बची 14 श्रद्धालुओं की जान, 20 हजार को मिली मेडिकल मदद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल के सबरीमाला मंदिर में जारी मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से गंभीर हुए 14 तीर्थयात्रियों को त्वरित चिकित्सा देकर बचा लिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 20,000 श्रद्धालुओं को ओपीडी और आपातकालीन केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं दी गई हैं। आपात स्थिति में तेजी से मदद पहुंचाने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष के बीच बीएसएनएल हॉटलाइन भी शुरू की गई है।

भगवान अयप्पा के शबरिमला मंदिर में मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के दौरान हृदय गति रुकने के कारण गंभीर स्थिति में पहुंचे 14 लोगों को समय पर उपचार मुहैया कराके उनकी जान बचाई गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस तीर्थयात्रा के दौरान अब तक करीब 20,000 लोगों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तीर्थयात्रा शुरू होने के बाद से अब तक बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में 19,650 मरीज आए हैं। इनमें से 7,453 मरीज मंदिर परिसर स्थित सरकारी अस्पताल में आए जबकि 5,373 मरीजों का आपातकालीन चिकित्सा केंद्रों (ईएमसी) में उपचार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन ईएमसी में 82 आपातकालीन मामलों से निपटा गया, जबकि 64 मरीजों को विशेष चिकित्सा के लिए शबरिमला से अन्य अस्पतालों में भेजा गया।

पत्तनमथिट्टा जिले के स्वास्थ्य संबंधी मामलों के नोडल अधिकारी डॉ. के. के. श्याम कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर में हृदय गति रुकने से प्रभावित 14 लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता और उपचार मुहैया कराके उनकी जान बचाई गई। उन्होंने श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय आपात स्थिति में आपातकालीन स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की। आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष के बीच भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की एक नयी हॉटलाइन सेवा शुरू की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि इस सीधी संचार सुविधा से आपात स्थिति में सूचनाएं पहुंचाने में देरी नहीं होगी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सकेगा। मलयालम कैलेंडर के वृश्चिकम महीने के पहले दिन 17 नवंबर को 41 दिवसीय मंडलम तीर्थयात्रा शुरू हुई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़