Sheikh Hasina ने बांग्लादेश लौटने के लिए तय की तारीख, 16 दिसंबर को विजय दिवस पर ढाका जाने की तैयारी

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को विजय दिवस पर ढाका लौटना चाहती हैं। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से अपनी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। दूसरी तरफ, बांग्लादेश सरकार के एक मंत्री के अनुसार देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, क्योंकि वह वहां मौत की सजा का सामना कर रही हैं।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पिछले दो साल से ज्यादा समय से भारत में रह रही हैं। अब उन्होंने अपने देश लौटने की तैयारी शुरू कर दी है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के मौके पर ढाका लौटना चाहती हैं। खास बात यह है कि पहली बार शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए एक निश्चित तारीख बताई है। उनके इस फैसले से बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ सकता है। फिलहाल उनकी पार्टी पर देश में प्रतिबंध लगा हुआ है और वह खुद मौत की सजा का सामना कर रही हैं।
बांग्लादेश सरकार से विमान भेजने की मांग
शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से अपनी वापसी के लिए सरकारी विमानन कंपनी 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' के विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। दरअसल, हिंसक विद्रोह के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। इसके कुछ महीने बाद उनके पासपोर्ट और दूसरे दस्तावेज रद्द कर दिए गए थे। अब वह इन दस्तावेजों को दोबारा हासिल करने की कोशिश कर रही हैं। साथ ही उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक हवाई यात्रा का इंतजाम करने को कहा है।
इसे भी पढ़ें: बांग्लादेश में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्ती, 16 साल से कम उम्र के बच्चों के बच्चों पर पाबंदी लगाने का आदेश
5 अगस्त 2024 को विमान से भारत आई थीं शेख हसीना
शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने एक बयान में कहा, “5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को एक बांग्लादेशी विमान से ही भारत लाया गया था। इसलिए अब वह सरकार से मांग करती हैं कि दिल्ली से ढाका तक उनकी हवाई यात्रा की व्यवस्था की जाए।” उन्होंने आगे कहा, “संविधान के खिलाफ जाकर ऐसी परिस्थितियों में उन्हें निर्वासित किया गया था। लिहाजा अब यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह 16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर उनकी बांग्लादेश वापसी सुनिश्चित करे।”
इसे भी पढ़ें: 100 मिसाइलों का बारूद! भारत के पड़ोस में क्या बड़ा खेल करने जा रहे थे जिनपिंग, इंडोनेशिया ने बीच में ही पकड़ लिया चीनी जहाज
बांग्लादेश सरकार ने अभी नहीं दिया कोई जवाब
शेख हसीना की वापसी की मांग पर बांग्लादेश सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है। सरकार के एक प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया। हालांकि, बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा था कि अगर शेख हसीना देश लौटती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। मंत्री के मुताबिक, शेख हसीना को मौत की सजा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी साफ किया कि शेख हसीना को वापस लाने के लिए विमान भेजने के मुद्दे पर भारत सरकार के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
अन्य न्यूज़














