भाषण बनाम भरोसा: 'वाटरलू' संवाद में छिपा अर्थव्यवस्था का बड़ा राज! क्यों मुनाफे के बावजूद तिजोरी खोलने से कतरा रहे हैं कारोबारी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉर्पोरेट जगत पर टैक्स छूट के बावजूद कर्मचारियों का वेतन न बढ़ाने और निवेश व भर्तियों में सुस्ती पर तीखा तंज कसा। इस पर विपक्ष ने सरकारी नीतियों और डर के माहौल को जिम्मेदार ठहराया। वहीं जानकारों के अनुसार निजी निवेश को गति देने के लिए नीतिगत स्थिरता और भरोसे की जरूरत है।
सरकार ने टैक्स घटाया और कारोबार को आसान बनाया, लेकिन कंपनियों ने उसका फायदा जो है अपने यहां काम कर रहे वर्कर्स तक नहीं पहुंचाया, उनको बेनिफिट नहीं दिया। 19 नवंबर का दिन था जब प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत पर इंडस्ट्रियल इंडस्ट्रीज पर तीखा हमला बोला। देश के शीर्ष उद्योगपतियों के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों में जो तल्खी, हताशा और एक तरह की बेबसी झलक रही थी, उसने आर्थिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। उनका अंदाज़ कुछ ऐसा था मानो वे कॉर्पोरेट जगत से सीधे पूछ रहे हों कि आखिर आपको आगे बढ़ने और निवेश करने के लिए मैं और क्या कर सकता हूँ? यह महज़ दिल की पुकार से कहीं अधिक गंभीर बात थी। यह स्थिति ठीक वैसी ही है जैसे कोई सेनापति अपने सैनिकों से मोर्चे पर आगे बढ़कर पहाड़ी पर चढ़ाई करने का आह्वान करे, लेकिन सैनिक अपनी जगह से टस से मस न हों, चाहे सेनापति उन्हें कितना ही क्यों न ललकारे। इस स्थिति को समझने के लिए 1970 की मशहूर फिल्म वाटरलू का एक संवाद बेहद सटीक बैठता है। फिल्म में ड्यूक ऑफ वेलिंगटन का किरदार निभा रहे क्रिस्टोफर प्लमर, डचेस ऑफ रिचमंड से कहते हैं, कौन जानना चाहेगा कि सैनिकों को लड़ने का जोश कहाँ से मिलता है? जिन (शराब) ही उनके देशभक्ति के जुनून का असली स्रोत है। बेशक, प्रधानमंत्री का इरादा कॉर्पोरेट इंडिया को उन कठोर शब्दों से नवाज़ने का कतई नहीं था जो वेलिंगटन ने अपने सैनिकों के लिए इस्तेमाल किए थे, लेकिन उनकी हताशा की गहराई कुछ वैसी ही महसूस हो रही है।
इसे भी पढ़ें: PM Modi ने HPV टीका अभियान की सराहना की, संसद और राजनीति सहित दोपहर की बड़ी खबरें
सरकार ने पिलाया टैक्स कटौती का टॉनिक, फिर भी सुस्ती क्यों?
सवाल यह है कि कोई सरकार उद्योगपतियों को आगे बढ़ने के लिए किस तरह का जोश या टॉनिक दे सकती है? इसका जवाब है उद्यमिता को बढ़ावा देना। इसमें नियमों में ढील, मिनिमम गवर्नमेंट, बाज़ार की निष्पक्ष निगरानी, वित्तीय अनुशासन और लाइसेंसिंग व निवेश की पाबंदियों से आज़ादी जैसे कदम शामिल हैं। यदि हम वेलिंगटन वाले जिन के उदाहरण को यहाँ लागू करें, तो इस प्रोत्साहन पैकेज का सबसे बड़ा और असरदार हिस्सा है, टैक्स में भारी कटौती। प्रधानमंत्री की नाराज़गी की सबसे बड़ी वजह यह है कि सरकार द्वारा दी गई इन तमाम रियायतों और बढ़ते कॉर्पोरेट मुनाफे के बावजूद, उद्योग जगत इसका लाभ आम लोगों और अर्थव्यवस्था तक नहीं पहुँचा रहा है। न तो उस अनुपात में कर्मचारियों का वेतन बढ़ रहा है, न नई भर्तियाँ हो रही हैं, और न ही निजी निवेश में वैसी तेजी दिख रही है। ऐसा लगता है मानो कॉर्पोरेट जगत के ये सैनिक मोर्चे पर जाने के लिए तैयार ही नहीं हैं। या तो वे जोखिम उठाने से डर रहे हैं, या फिर अपने सुरक्षित दायरे में बैठकर टैक्स छूट का मज़ा लेने में ही उन्हें ज्यादा आराम मिल रहा है।
इसे भी पढ़ें: BY Vijayendra ने Congress सरकार को घेरा, Karnataka की 224 सीटों पर चलेगा Seva Doot Abhiyan
फिक्की (FICCI) के मंच से पीएम का सीधा तंज
प्रधानमंत्री की यह पीड़ा फिक्की (FICCI) के कार्यक्रम में दिए गए उनके भाषण में साफ सुनाई दी। उन्होंने सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का हिसाब देते हुए याद दिलाया कि 2014 में देश में मूल कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत हुआ करती थी, जिसे उनकी सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। इतना ही नहीं, आज भारत में 12 लाख रुपये तक की सालाना कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता। अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों की चुटकी लेते हुए जो तंज कसा, वह उनके मन की पूरी बात कह गया। उन्होंने कहा मुझे पता है कि आप तालियां बजाना चाहते हैं, क्योंकि आप लोगों को चाहे कितना भी दे दिया जाए, आपकी भूख कभी शांत ही नहीं होती।
पीएम मोदी के तीखे सवाल- क्या आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई?
अपनी बात को और आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों को सीधा आईना दिखाया। उनके सटीक शब्द थे क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या आपने नए लोगों को नौकरी पर रखा? नहीं! आपका रवैया बस यही रहता है कि मोदी जी आप करिए, हम बाद में देखेंगे। यह सीधे तौर पर कॉर्पोरेट इंडिया पर प्रधानमंत्री का एक तीखा तंज था, जिसने उद्योग जगत को सकते में डाल दिया। जहां एक तरफ इंडिया इंक (कॉर्पोरेट जगत) अपने आहत स्वाभिमान को संभालने में जुटा था, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल कांग्रेस ने तुरंत प्रधानमंत्री के इन शब्दों को लपक लिया। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि वे तो शुरू से यही बात कह रहे थे। इस मुद्दे पर सबसे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 12 साल में पहली बार एक घबराए हुए प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत के दिग्गजों को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई है, जिससे वे खुद भी हैरान और स्तब्ध रह गए होंगे। जयराम रमेश ने निवेश में आई इस सुस्ती के लिए कारोबारियों के बजाय सीधे सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे क्रोनी कैपिटलिज्म (पूंजीपति मित्रों को बढ़ावा), नियामक संस्थाओं पर कब्जा, डर व धमकी का माहौल और जांच एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल जिम्मेदार है। उन्होंने प्रधानमंत्री को सलाह दी कि वे कॉर्पोरेट इंडिया को दोष देने के बजाय खुद के भीतर झांककर देखें। उधर, अमेरिका के दौरे पर गए राहुल गांधी ने भी इसी सुर में कहा कि हमने तो पहले ही इस स्थिति को लेकर आगाह किया था।
7% की ग्रोथ, फिर भी नई नौकरियां और निवेश गायब क्यों?
आर्थिक आंकड़ों की बात करें तो यह बात किसी से छिपी नहीं है कि भारतीय कॉर्पोरेट जगत उस रफ्तार से निवेश, विस्तार या नई भर्तियां नहीं कर रहा है, जैसा कि 7 प्रतिशत से अधिक की जीडीपी ग्रोथ के दौर में होना चाहिए। हालांकि देश में स्टार्टअप्स तेजी से उभर रहे हैं, लेकिन पारंपरिक उद्यमिता में एक तरह का ठहराव सा आ गया है। वर्तमान में अर्थव्यवस्था की ज्यादातर रफ्तार सरकार के अपने खर्च खासकर भारी बुनियादी ढांचे पर किए जा रहे निवेश—के दम पर टिकी है। यदि आज कॉर्पोरेट इंडिया जोखिम उठाने से इतना कतरा रहा है, तो यह कोई अचानक हुआ बदलाव नहीं है, बल्कि यह मायूसी सालों से अंदर ही अंदर पनप रही थी।
टैक्स नीतियों में बार-बार बदलाव और बैकडेट फैसले
एक बेहद शक्तिशाली सरकार होने का मतलब यह नहीं कि नीतियों में भ्रम या बार-बार बदलाव (फ्लिप-फ्लॉप) नहीं हो सकते। 1991 के आर्थिक सुधारों के बाद से हर वित्त मंत्री यही कहता आया है कि एक आधुनिक अर्थव्यवस्था की पहचान संतुलित और स्थिर टैक्स व्यवस्था होती है। लेकिन मौजूदा दौर में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) और डिविडेंड टैक्स में जितने बदलाव हुए हैं, उसने निवेशकों के भरोसे को डगमगाया है। इसके अलावा, आज देश में व्यक्तिगत करदाताओं (Individuals) पर कॉर्पोरेट जगत की तुलना में लगभग दोगुना टैक्स लगाया जा रहा है। सरकार ने अपनी संप्रभु शक्ति का इस्तेमाल करते हुए कई चौंकाने वाले फैसले भी लिए हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) के नियमों में पिछली तारीख (Retrospective) से किया गया बदलाव है। जब सोने की कीमतें बढ़ीं और सरकार को लगा कि बिना हेजिंग के जारी किए गए इन बॉन्ड्स पर उसे भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, तो उसने नियमों को ही पीछे की तारीख से बदल दिया। यह वही पुरानी मानसिकता दर्शाता है कि 'माई-बाप सरकार' कभी गलत नहीं हो सकती, और अगर हो भी जाए, तो वह नियम बदल देगी।
इसे भी पढ़ें: नेपाल के बिना हमारे राम और धाम अधूरे, बालेन शाह संग ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में PM मोदी ने 24,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की
अनिश्चितता और 'सरप्राइज' फैसलों से सहमा उद्योग जगत
उद्योगपतियों के निवेश से हाथ खींचने के पीछे सबसे बड़ा कारण नीतिगत अनिश्चितता और अचानक लिए जाने वाले सरकारी फैसले हैं। स्टील प्लांट या रिफाइनरी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स दशकों की स्थिरता को ध्यान में रखकर लगाए जाते हैं, लेकिन रातों-रात नोटबंदी, महज चार घंटे के नोटिस पर लॉकडाउन, या ईडी (ED) जैसी जांच एजेंसियों की बढ़ती आक्रामकता ने बोर्डरूम में डर का माहौल पैदा कर दिया है। यही वजह है कि भारतीय कंपनियां अब देश में बड़ा जोखिम उठाने के बजाय विदेशों में तीन गुना अधिक निवेश कर रही हैं और चुनिंदा बड़े समूहों के दबदबे के बीच खुद को सुरक्षित रखने की नीति अपना रही हैं। यह सही है कि कॉर्पोरेट इंडिया के पास जवाब देने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन तांबा और एल्युमीनियम आयात के मामले में गलती सरकार के पाले में भी है। देश की दो सबसे बड़ी परियोजनाएं सामाजिक कार्यकर्ताओं के विरोध के दबाव में बंद कर दी गईं। इनमें से एक तो कांग्रेस के दौर में ही बंद हो गई थी। लेकिन अब, जब केंद्र के साथ-साथ ओडिशा में भी भाजपा की अपनी सरकार है, तब भी इन प्रोजेक्ट्स को शुरू न कर पाने का ठीकरा उद्योग जगत पर नहीं फोड़ा जा सकता। अफसोस की बात यह है कि कॉर्पोरेट इंडिया यह सब जानता है, लेकिन किसी में भी सार्वजनिक रूप से बोलने की हिम्मत नहीं है। सम्मेलनों और बैठकों के गलियारों में उद्योगपति दबी जुबान में तमाम शिकायतें करते हैं, लेकिन जब सामने नाराज प्रधानमंत्री या पिछले दो साल से एक ही नसीहत दे रहीं वित्त मंत्री बैठी हों, तो वे उन स्कूली बच्चों की तरह सिर झुकाए चुपचाप बैठे रहते हैं, जिनका होमवर्क अधूरा रह गया हो।
भाषण नहीं, भरोसे की जरूरत
आर्थिक जानकारों का मानना है कि उद्योग जगत को निवेश के लिए तैयार करने के वास्ते लंबे भाषणों या तंज के बजाय केवल दो मिनट के उस भरोसे की जरूरत है, जिसमें उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के नियम न बदलने और एजेंसियों के हस्तक्षेप न होने की गारंटी मिले। जब नियमों की किताब रातों-रात बदली जा सकती हो, तो कोई भी कारोबारी बड़ा दांव लगाने के बजाय इंतजार करना ही बेहतर समझता है। ऐसे में, फिक्की जैसे मंचों पर प्रधानमंत्री की फटकार के बाद भी कॉर्पोरेट इंडिया वही करेगा जो वह एक दशक से करता आ रहा है। सार्वजनिक रूप से तालियां बजाना, लेकिन निजी तौर पर अपनी तिजोरी का मुंह बंद रखना।
नहीं बदला कॉर्पोरेट इंडिया का डर
हालांकि, उद्योग जगत की यह चुप्पी सिर्फ मोदी युग की बात नहीं है। साल 2007 में सीआईआई (CII) की वार्षिक बैठक में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी उद्योगपतियों को खुद को बहुत अधिक वेतन और भत्ते देने पर फटकार लगाई थी। उस समय माहौल और संदेश आज के बिल्कुल उलट था। तब सीआईआई प्रमुख सुनील मित्तल ने प्रतिक्रिया स्वरूप अपना वेतन दान करने का संकल्प ले लिया था। उस दौर में भी आर्थिक जानकारों ने इस रीढ़विहीन पूंजीवाद पर सवाल उठाते हुए कहा था कि कॉर्पोरेट इंडिया को इतनी हिम्मत जुटानी चाहिए कि वह प्रधानमंत्री से कह सके। सरकार उनका वेतन तय नहीं करती और यदि वे ईमानदारी से टैक्स चुका रहे हैं, तो उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने दिया जाए। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। उल्टे, उद्योग जगत ने मुनाफे का 2 प्रतिशत अनिवार्य रूप से सीएसआर (CSR) में खर्च करने जैसे फैसले को भी चुपचाप निगल लिया। आज भी फिक्की (FICCI) और कॉर्पोरेट जगत में कई काबिल लोग हैं जिनके पास कहने के लिए बहुत जरूरी बातें हैं, लेकिन सच बोलने का साहस कोई नहीं जुटा पाता।
अन्य न्यूज़














