पुणे में आपसी विवाद पर व्यक्ति ने दोस्त पर फेंका Acid, बच्ची सहित 4 लोग झुलसे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पुणे के येरवडा क्षेत्र में छह नवंबर को मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही साथी पर तेजाब डाल दिया। इस घटना में पीड़ित की मां और पास से गुजर रही छह साल की बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुणे, आठ नवंबर पुणे के येरवडा इलाके में विवाद के बाद अपने दोस्त पर कथित तौर पर तेजाब फेंकने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हमले में पीड़ित, उसकी मां और छह-वर्षीय बच्ची तथा दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना छह नवंबर को शाम करीब चार बजे रामनगर मस्जिद के पास हुई। लक्ष्मी नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक युवराज नांदरे ने बताया, नलसाज नितिन सुंदर जाधव (52) का अपने दोस्त आशीष इंद्रपाल डिंग्या (40) से छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। ऐसे ही एक विवाद के बाद जाधव ने हार्डवेयर की दुकान से तेजाब खरीदा और डिंग्या के चेहरे पर फेंक दिया।

उन्होंने बताया कि जब डिंग्या की 65-वर्षीय मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनपर भी तेजाब फेंक दिया, जिससे उनके दोनों हाथ झुलस गए। अधिकारी ने कहा, ‘‘अपनी छह-वर्षीय बेटी के साथ दोपहिया वाहन से वहां से गुजर रहे विशाल शंकर जाधव (32) भी तेजाब की चपेट में आकर झुलस गए। उनके दाहिने हाथ और पैर प्रभावित हुए हैं, जबकि बच्ची के बायां पैर जख्मी हुआ है।

डिंग्या का चेहरा, आंख और हाथ झुलस गए। विशाल जाधव ससून सामान्य अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अन्य घायलों को उसी दिन प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत तेजाब का इस्तेमाल कर नुकसान पहुंचाने, मानव जीवन को खतरे में डालने और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़