TIAS Convocation: Prof. Sanjay Dwivedi बोले- AI के दौर में Digital Transformation के लिए तैयार हों छात्र

Prof. Sanjay Dwivedi
PR Image

टेक्निया इंस्टीट्यूट के 24वें दीक्षांत समारोह में आईआईएमसी के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को डिजिटल ट्रांसफार्मेशन और AI के युग के लिए तैयार करने का आह्वान किया, जिसमें निरंतर सीखना और मानवीय मूल्य आवश्यक हैं।

टेक्निया इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज़ (TIAS) में शनिवार को 24वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर. के. गुप्ता ने की। इस अवसर पर भारतीय जन संचार संस्थान के पूर्व महानिदेशक और प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. संजय द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में तथा वरिष्ठ उद्योग विशेषज्ञ श्री संतोष मित्तल विशिष्ट अतिथि के नाते उपस्थित रहे।

समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. अजय गुप्ता, डीन डॉ. एम. एन. झा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में सफल विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपाधियाँ प्रदान की गईं। साथ ही विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। उपाधि एवं सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर उपलब्धि, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति आशा का विशेष उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

मुख्य अतिथि प्रो. संजय द्विवेदी ने दीक्षांत भाषण में विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत केवल शिक्षा की समाप्ति नहीं, बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों का शुभारंभ है। उन्होंने कहा कि आज का युग कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल संचार और तीव्र तकनीकी परिवर्तन का युग है, जिसमें केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं, बल्कि निरंतर सीखना, नवाचार करना और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा, ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज, राष्ट्र तथा मानवता के कल्याण के लिए करें तथा अपने पेशेवर जीवन में नैतिकता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। प्रोफेसर द्विवेदी ने अध्यापकों का आह्वान किया कि वे एआई के समय में अपने विद्यार्थियों को डिजिटल ट्रांसफार्मेशन के लिए तैयार करें।

विशिष्ट अतिथि संतोष मित्तल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को वैश्विक कॉर्पोरेट जगत की बदलती आवश्यकताओं, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, टीमवर्क तथा जीवनपर्यंत सीखने की संस्कृति को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को प्राप्त होती है जो बदलते परिवेश के अनुरूप स्वयं को निरंतर विकसित करते रहते हैं।

समारोह के अध्यक्ष संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर. के. गुप्ता ने बताया कि टीआईएएस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहभागिता तथा विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, प्रतिभा और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़