सहारनपुर में पीएनबी करेंसी चेस्ट से मिले 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट, तीन बैंक अधिकारी निलंबित

Pnb Saharanpur
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब नेशनल बैंक के सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान असली रुपयों की जगह करीब 7.40 करोड़ रुपये के संदिग्ध जाली नोट पाए गए हैं। मामले में लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर बैंक प्रबंधन ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने बैंक नोडल अधिकारी की तहरीर पर तीन अधिकारियों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के ‘करेंसी चेस्ट’ में असली नोटों की जगह नकली नोट रखे जाने का मामला सामने आया है और यहां कथित रूप से करीब 7.40 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के नकली नोट मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नकली नोट से जुड़े कथित गिरोह के सिलसिले में सदर बाजार पुलिस थाने में तीन बैंक अधिकारियों सहित चार लोगों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया।

पीएनबी की वरिष्ठ मुख्य प्रबंधक (सर्कल) निशा सिंह ने बताया कि बैंक ने तीन अधिकारियों -वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कासे और ‘करेंसी चेस्ट’ प्रबंधकों सुशील शर्मा एवं अमित कुमार- को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। नकली नोट मामले में बैंक के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत में इन तीनों अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के अनुसार, बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑडिट के दौरान ‘करेंसी चेस्ट’ में नकदी का सत्यापन किए जाने पर करीब 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले।

इसे भी पढ़ें: India A के खिलाफ सीरीज के लिए 14 सदस्यीय Australia A टीम घोषित, 22 सितंबर से पुडुचेरी में मुकाबले

एसएसपी ने कहा, ‘‘बैंक की ऑडिट टीम द्वारा नोटों की गिनती और मिलान का काम अभी जारी है। बैंक की ओर से अंतिम आंकड़े उपलब्ध कराए जाने के बाद सटीक राशि का पता चल सकेगा।’’ अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब ‘करेंसी चेस्ट’ से बैंक के मुख्यालय भेजी गई नकदी की गिनती के दौरान 4.3 लाख रुपये कम पाए गए। शुरुआत में इसकी सूचना पीएनबी की मेरठ शाखा को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच के लिए चौबे को सहारनपुर भेजा गया।

इसे भी पढ़ें: नेपाल में भीषण बाढ़: 11 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू, 22 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

जांच के दौरान ‘करेंसी चेस्ट’ के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई, जिसमें अंशकालिक कर्मचारी विशाल कुमार कथित तौर पर नोटों के बंडलों से नकदी निकालते हुए दिखाई दिया। बाद में, विशाल कुमार के खिलाफ चोरी का एक अलग मामला दर्ज किया गया। बैंक ने इसके बाद ‘करेंसी चेस्ट’ का ऑडिट शुरू किया, जिसमें कथित तौर पर कई अनियमितताएं सामने आईं।

ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के संदिग्ध नकली नोट भी पाए गए। अधिकारियों ने कहा कि ‘करेंसी चेस्ट’ से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारी भी इन अनियमितताओं के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने कहा कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई के साथ जांच भी जारी है।

इसे भी पढ़ें: नेपाल में बाढ़ की तबाही के बाद पीड़ितों की मदद के लिए 50 Mental Health विशेषज्ञ तैनात

मामले में पुलिस एवं बैंक अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़