28 October History: Microsoft सह-संस्थापक Bill Gates का जन्मदिन और कई ऐतिहासिक घटनाएं

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वाशिंगटन में 28 अक्टूबर 1955 को जन्मे बिल गेट्स ने 1975 में पॉल एलन के साथ माइक्रोसॉफ्ट की नींव रखी थी। 32 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले ही फोर्ब्स सूची में शामिल होने वाले गेट्स लंबे समय तक दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति रहे। इसके अलावा 28 अक्टूबर का दिन स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के लोकार्पण और पोलियो वैक्सीन के जनक जोनास साल्क के जन्म जैसी प्रमुख घटनाओं से भी जुड़ा है।

बिल गेट्स का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। 28 अक्टूबर, 1955 को वाशिंगटन में जन्मे बिल ने वर्ष 1975 में पाल एलन के साथ मिलकर सॉफ्टवेयर कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की। तब कौन जानता था कि एक दिन यह दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी बन जाएगी और गेट्स पर्सनल कंप्यूटर के क्षेत्र में क्रान्ति के अग्रदूत बनेंगे।

उनकी तरक्की की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 32 साल पूरे होने के पहले ही 1987 में उनका नाम अरबपतियों की फ़ोर्ब्स सूची में आ गया और कई साल तक वह इस सूची में पहले स्थान पर रहे। अथाह धन होने के बावजूद बेहद सामान्य और सहज जीवन बिताने वाले बिल गेट्स अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा धर्मार्थ कार्यों एवं समाज सुधार पर खर्च करते हैं। उन्होंने दो किताबें भी लिखीं हैं, द रोड अहेड और बिजनेस @ स्पीड ऑफ़ थॉट्स।

देश दुनिया के इतिहास में 28 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1538: अमेरिका में पहला विश्वविद्यालय, यूनिवर्सिडैड सैंटो टॉमस डी एक्विनो, सैंटो डोमिंगो में स्थापित किया गया। 1867: स्वामी विवेकानंद की शिष्या भगिनी निवेदिता का आयरलैंड में जन्म। 1886 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति ग्रोवर क्लेवलैंड ने फ्रांस की जनता की तरफ से अमेरिकी जनता को तोहफे के तौर पर मिले ‘‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’’ को राष्ट्र को समर्पित किया।

1914 : अमेरिका के चिकित्सा विज्ञानी जोनास एडवर्ड साल्क का जन्म, जिन्होंने पोलियो की पहली सुरक्षित और कारगर दवा ईजाद की। 1955 : पेप्सिको की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी का जन्म। 1955 : अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध कंप्यूटर प्रोग्रामर और उद्यमी बिल गेट्स का जन्म।

1962: क्यूबा का मिसाइल संकट हल होने से विश्व ने राहत की सांस ली। 1971: ग्रेट ब्रिटेन ने प्रोस्परो का प्रक्षेपण किया। यह एक्स-3 उपग्रह श्रृंखला का पहला उपग्रह था।

2009 : पाकिस्तान के पेशावर शहर में आत्मघाती बम हमले में 117 लोगों की मौत, 213 घायल हुए। 2012 - सीरिया में संघर्ष विराम का उल्लंघन, 128 लोग मारे गये। 2018: जायर बोल्सोनारो 5.7 करोड़ वोट हासिल कर ब्राजील के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए।

वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार फर्नांडो हेडेड दूसरे स्थान पर रहे। 16 साल में पहली बार वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार को नहीं मिली जीत। 2021: अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को मादक पदार्थ जब्त होने के मामले में 25 दिन जेल में बिताने के बाद बंबई उच्च न्यायालय ने जमानत दी।

2022: उद्योगपति एलन मस्क ने ट्विटर की कमान संभाली। भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल समेत चार अधिकारियों को हटाया। 2023: गुजरात के सूरत शहर में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के सात सदस्य अपने घर में मृत पाए गए।

2024: ब्रिटेन में 172 साल के इतिहास में सबसे कम प्रजनन दर (प्रति महिला 1.44 बच्चे) दर्ज की गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़