Gurugram में 1.25 करोड़ रुपये का गांजा पकड़ाया, ट्रक समेत दो तस्कर अरेस्ट

हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने एक ट्रक की तलाशी के दौरान 673 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। यह खेप ओडिशा से राजस्थान के भिवाड़ी ले जाई जा रही थी, जिसे प्लास्टिक के कच्चे माल की बोरियों के नीचे छिपाया गया था। अदालत ने मामले की विस्तृत जांच के लिए दोनों आरोपियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने एक ट्रक से करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य का 673 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 23 बोरियों में भरा मादक पदार्थ कथित तौर पर आपूर्ति के लिए ओडिशा से राजस्थान के भिवाड़ी ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर थाना सेक्टर 65 के प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण के नेतृत्व में अपराध शाखा की एक टीम ने राजस्थान नंबर के ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसके दौरान गांजा बरामद किया गया। ट्रक की जांच के दौरान पता चला कि गांजे को परिवहन के लिए नए प्लास्टिक उत्पाद बनाने के कच्चे माल की बोरियों के नीचे छिपाया गया था। आरोपियों की पहचान ट्रक चालक साबिर (34) और क्लीनर सनावर (19) के रूप में हुई है।
दोनों राजस्थान के खैरथल जिले के निवासी हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के लिए अदालत ने दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नवीन शर्मा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला कि साबिर कथित तौर पर ट्रक का मालिक था और उसने सनावर को 20,000 रुपये मासिक वेतन पर क्लीनर के तौर पर रखा था। उन्होंने कहा कि खेप पहुंचाने के लिए दोनों को अपने सहयोगियों से दो लाख रुपये मिलने थे। शर्मा ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर इससे पहले भी दो बार प्लास्टिक के दानों और अन्य सामान के बीच छिपाकर गांजे का परिवहन और आपूर्ति की थी।
गुरुग्राम में वे तीसरी बार इस काम को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी और कथित तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
अन्य न्यूज़













