Neeb Karori Baba पर बनी 450 करोड़ की हिट फिल्म Hanuman Ansh 27 नवंबर को Sony LIV पर आएगी

बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' आगामी 27 नवंबर को डिजिटल प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर प्रसारित की जाएगी। सिनेमाघरों में 450 करोड़ रुपये से अधिक कमाने वाली इस आध्यात्मिक फिल्म के हिंदी ओटीटी और सैटेलाइट अधिकार सोनी ने खरीदे हैं। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित यह फिल्म संत लक्ष्मण नारायण शर्मा की जीवन यात्रा को दर्शाती है।
नयी दिल्ली, सात नवंबर नीब करौरी बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ 27 नवंबर को ओटीटी पर रिलीज होगी। दुनियाभर के सिनेमाघरों में 450 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली यह फिल्म ओटीटी मंच सोनी लिव पर रिलीज होगी। कम बजट की इस फिल्म को रिलीज के शुरुआती कुछ सप्ताह तक दर्शक नहीं मिले थे, लेकिन बाद में यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करौली) के जीवन पर आधारित है। उनका वास्तविक नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा था। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म के हिंदी ओटीटी और सैटेलाइट अधिकार सोनी ने हासिल कर लिए हैं।
फिल्म की निर्माता, बौद्धिक संपदा (आईपी) प्रमुख और स्वयंभू मीडिया नेटवर्क की सह-संस्थापक नम्रता ने कहा, ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमा के इतिहास में जगह बनाई है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐसी कहानी वाली बौद्धिक संपदा है, जो भाषाओं और भौगोलिक सीमाओं से परे है। उन्होंने एक बयान में कहा, हमें सोनी जैसे वैश्विक मीडिया समूह के साथ हिंदी फिल्म के लिए ऐसे संवेदनशील साझेदार मिलने की खुशी है।
नम्रता ने कहा, महाराज जी (नीब करौरी) की कहानी वास्तव में असाधारण है और हमारा मानना है कि यह दुनिया के हर कोने तक पहुंचनी चाहिए। फिल्म में शोभिनव सत्य के साथ विहान शेडगे, चंदन के. आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल ने अभिनय किया है। चतुर्वेदी ने कहा, हम ‘हनुमान अंश’ को उन दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं, जो विभिन्न कारणों से सिनेमाघरों में नहीं जा सकते, उन लोगों तक भी जो फिल्म को एक या दो बार देखकर संतुष्ट नहीं हुए और छोटे शहरों के साथ-साथ दुनियाभर के दर्शकों तक भी।
फिल्म में एक ऐसे युवा लक्ष्मी नारायण की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद ईश्वर की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है। जीवन, मृत्यु और मानवीय पीड़ा से जुड़े सवालों के जवाब तलाशते हुए उत्तर भारत की यात्रा के दौरान वह आगे चलकर पूजनीय संत नीब करौरी बाबा बन जाते हैं। प्रेम, सेवा और करुणा की उनकी शिक्षाओं ने अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित किया।
बाबा नीब करौरी का जन्म करीब 1900 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के एक गांव में हुआ था और 1973 में उनका निधन हो गया। उनका विवाह कम उम्र में हो गया था और बाद में वह घूम-घूमकर तपस्या करने वाले संन्यासी बन गए। उनके भक्तों में जूलिया रॉबर्ट्स, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसी प्रसिद्ध हस्तियां शामिल हैं।
इस तरह की भी खबरें रही हैं कि स्टीव जॉब्स और मार्क जुकरबर्ग भी उत्तराखंड स्थित उनके कैंची धाम आश्रम आए थे।
अन्य न्यूज़














