ओरछा में BJP कार्यसमिति की बैठक में बोले CM Mohan Yadav, कांग्रेस ने हमेशा मुसलमानों को वोट बैंक बनाया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी ने सत्ता के लिए केवल मुसलमानों का इस्तेमाल किया लेकिन उनका विकास कभी नहीं किया। यादव ने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कांग्रेस पर मुसलमानों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तुष्टीकरण की इसी राजनीति के कारण उसने आजादी से पहले भी राष्ट्र गीत वंदे मातरम के कुछ अहम हिस्सों को हटा दिया था। धार्मिक नगरी ओरछा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी उसी नीति पर चल रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाएं तथा केंद्र एवं मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताएं एवं प्रमुख विपक्षी पार्टी की तुष्टीकरण की नीति के खिलाफ प्रदेश भर में माहौल भी बनाएं।
इसे भी पढ़ें: Mohan Yadav ने गृह मंत्री Amit Shah से की मुलाकात, MP के विकास कार्यों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा मुस्लिम समाज का वोट लिया और सत्ता हासिल की लेकिन कभी उनका विकास नहीं किया। उन्हें बस वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।’’ उन्होंने कहा मुस्लिम समाज ने भी आंखें बंद कर कांग्रेस पर भरोसा किया लेकिन कांग्रेस ने मुसलमानों को हिंदुओं से लड़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के पहले वंदे मातरम के लिए कांग्रेस ने जो किया, वह आज भी वही कर रही है।
दरअसल, पहले वंदे मातरम के दो अंतरे ही गाए जाते थे लेकिन संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार ने वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण को कानूनी संरक्षण दिया है। इसके बाद 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया और भाजपा ने इसकी निंदा की। बाद में 19 अगस्त को कांग्रेस कार्यसमिति ने अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल प्रथम दो ही अंतरे गाने का निर्णय लिया।
इसे भी पढ़ें: Chai Par Sameeksha: नई टीम से Gen Z को साधेगी BJP, क्या Vande Mataram को लेकर बैकफुट पर है Congress?
भाजपा इस मुद्दे पर लगातार कांग्रेस को घेरने की कोशिश कर रही है और आरोप लगा रही है कि अल्पसंख्यक तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस ने यह निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के राजनीतिक परिदृश्य में विरोधी दलों का काम करने का तरीका बहुत ही गलत है और वे दो मुहां तरीके से चलने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जब समान नागरिक संहिता लागू करने की तैयारी चल रही थी तब कांग्रेस ने इसका खुलकर और ठोस विरोध नहीं किया, लेकिन अपने दो मुस्लिम विधायकों को आगे किया एवं उनसे विरोध कराया।
अन्य न्यूज़













