Manipur के तामेंगलोंग में संदिग्ध उग्रवादियों ने 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में सोमवार सुबह अपर नकोउ गांव से तामेई जा रहे 17 वर्षीय एनके विपेनबौ की संदिग्ध उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में नगा ग्राम स्वयंसेवकों ने उसका शव बरामद किया। पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और नगा नेता अवांगबोउ न्यूमै ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में सोमवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने 17 वर्षीय एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान एनके विपेनबौ (17) के रूप में हुई है।

वह अपर नकोउ गांव से तामेई कस्बे की ओर अकेले जा रहा था, तभी सुबह करीब साढ़े 10 बजे उस पर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, बाद में नगा ग्राम स्वयंसेवकों ने उसका शव बरामद किया। मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने हत्या की निंदा करते हुए कहा, “मणिपुर इस अंतहीन हिंसा के चक्र में निर्दोष लोगों की जान गंवाना जारी नहीं रख सकता।” सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्राधिकारियों को निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए, जवाबदेही तय की जानी चाहिए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।’’ वरिष्ठ नगा नेता एवं नगा पीपुल्स फ्रंट के विधायक अवांगबोउ न्यूमै ने भी हत्या की निंदा करते हुए इसे ‘‘कायराना’’ और ‘‘आतंकवाद की जघन्य घटनाएं’’ बताया, जो निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर शांति के लिए खतरा पैदा करती हैं।

न्यूमै ने एक बयान में कहा, ‘‘इस तरह की बर्बर हिंसा का कोई औचित्य नहीं है और सभ्य समाज में इसका कोई स्थान नहीं है।’’ उन्होंने दावा किया कि युवक अपने परिवार के लिए जरूरी सामान खरीदने के लिए तामेई जा रहा था, तभी उसे गोली मार दी गई। न्यूमै ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी जतायी। अधिकारियों के अनुसार, फरवरी में नगा और कुकी समुदायों के बीच हिंसक झड़पें शुरू होने के बाद से 40 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

कांगपोकपी, तामेंगलोंग, नोनी, उखरुल और कामजोंग राज्य के उन जिलों में शामिल हैं, जो दोनों समुदायों के बीच जारी संघर्ष से सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़