Mallikarjun Kharge ने Nepal Floods पीड़ितों के लिए केंद्र से मांगी मदद, PM को लिखेंगे पत्र

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों और पर्यटकों की मदद के लिए केंद्र सरकार से त्वरित कदम उठाने की अपील की है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वह इस त्रासदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगे और फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी व वित्तीय सहायता की मांग करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने का आग्रह किया और संकट की इस घड़ी में राष्ट्रीय एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखेंगे। खरगे ने यहां संवाददाताओं से कहा, नेपाल में एक बड़ी त्रासदी आई है... इस त्रासदी में कई भारतीयों की जान गई है।

तीर्थयात्रा या पर्यटन के लिए गए सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस घटना से हम सभी दुखी हैं। संकट की इस घड़ी में हम सभी को एकजुट रहना चाहिए।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने लापता और फंसे हुए लोगों का पता लगाने, बचे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने और मृतकों के शवों को स्वदेश वापस भेजने के लिए तेजी से कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा, बाढ़ में बह गए या फंसे हुए लोगों का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाने चाहिए कि वे अपने घर पहुंच सकें। मैं आग्रह करता हूं कि जरूरतमंद लोगों को वित्तीय सहायता सहित हर जरूरी मदद दी जाए।

नेपाल में आई भीषण बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है और अधिकारी 300 भारतीय पर्यटक समेत हजारों लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। बुधवार को अचानक आई बाढ़ ने नेपाल के तीन जिलों में भारी तबाही मचाई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़