Lakhisarai में अवैध शराब के अड्डे पर Raid के दौरान हमला, 4 पुलिसकर्मी घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बिहार के लखीसराय जिले के बालगुदर गांव में अवैध शराब और जुए के ठिकाने पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना में एक महिला सिपाही और सब-इंस्पेक्टर समेत चार जवान घायल हुए हैं। मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

लखीसराय (बिहार), आठ नवंबर बिहार के लखीसराय जिले में अवैध शराब के कारोबार और जुए में शामिल एक परिसर पर रविवार को छापेमारी के दौरान लोगों के एक समूह ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला कांस्टेबल सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना टाउन थाना क्षेत्र के बालगुदर गांव में घटी।

टाउन थाने के प्रभारी (एसएचओ) अशोक कुमार ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और जुए की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने पर टीम गांव गई थी, तभी कुछ लोगों ने कर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में टीम के चार सदस्य उपनिरीक्षक भगवान ठाकुर और कांस्टेबल अमित कुमार झा, जीतेंद्र पासवान और रुचि कुमारी घायल हो गये। कुमार ने कहा कि घटना के संबंध में 19 नामजद आरोपियों और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। राज्य सरकार ने 2016 में राज्य भर में शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन और खपत पर प्रतिबंध लगा दिया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़