Karnataka सरकार ने Nepal और तिब्बत में फंसे लोगों का मांगा ब्योरा, हेल्पलाइन जारी

कर्नाटक के राजस्व विभाग ने नेपाल और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के चलते फंसे राज्य के नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए जानकारी मांगी है। आपदा प्रबंधन सचिवालय ने परिजनों और यात्रा संचालकों से गूगल फॉर्म भरने का अनुरोध किया है ताकि विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावासों के जरिए राहत समन्वय किया जा सके। सहायता के लिए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने हेल्पलाइन नंबर 1070 और 080-22253707 भी जारी किए हैं।
कर्नाटक सरकार ने नेपाल और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र (टीएआर) में अचानक आई बाढ़ तथा सीमा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में उत्पन्न अन्य व्यवधानों के कारण फंसे राज्य के लोगों की जानकारी मांगी है। राजस्व विभाग के आपदा प्रबंधन सचिवालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह फंसे लोगों का ब्योरा जुटा रहा है ताकि बचाव, सुरक्षित निकासी और अन्य जरूरी सहायता के लिए समन्वय किया जा सके। विभाग ने कहा, ‘‘फंसे हुए लोगों, उनके परिजनों और यात्रा संचालकों से अनुरोध है कि वे गूगल फॉर्म के जरिए जानकारी उपलब्ध कराएं।’’ विभाग ने कहा कि इस जानकारी के आधार पर राज्य सरकार विदेश मंत्रालय, नेपाल में भारतीय दूतावास और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर सकेगी।
मदद चाहने वाले लोगों से राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के 1070 या 080-22253707 नंबर पर संपर्क करने को कहा गया है। गूगल फॉर्म पर कर्नाटक सरकार के राजस्व विभाग के राहत आयुक्त, सचिव मनोज कुमार मीणा (आईएएस) के हस्ताक्षर हैं।
अन्य न्यूज़














