Meerut में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला मतपाल गिरफ्तार, मार्कशीट बरामद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुरादाबाद निवासी मतपाल को मेरठ पुलिस और सैन्य खुफिया विभाग की संयुक्त टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में पकड़ा है। आरोपी के पास से 10वीं और 12वीं की अंकतालिकाओं समेत निवास और जाति प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं। लालकुर्ती थाना क्षेत्र से पकड़ा गया यह आरोपी पहले भी इसी तरह के मामले में नामजद रह चुका है।

मेरठ जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये और मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र लेकर कथित रूप से धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के सहदोली गांव निवासी मतपाल के रूप में हुई है।

उसने बताया कि अभिषेक सैनी ने 27 अक्टूबर को लालकुर्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मतपाल ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे और अन्य लोगों से रुपये तथा मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र ले लिए तथा उनके साथ धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि सैन्य खुफिया विभाग से मिली सूचना के आधार पर लालकुर्ती थाना पुलिस, नगर की विशेष अभियान दल (स्वॉट) और सैन्य खुफिया विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी को इंडियाना बार रोड से गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से दसवीं की तीन मार्कशीट, 12वीं की तीन मार्कशीट, तीन जाति प्रमाणपत्र और तीन निवास प्रमाणपत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 2020 में मुरादाबाद जिले के कांठ थाने में भी भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़