IPS Trainee Officers पहली बार कैडर तैनाती से पहले Home Ministry से जोड़े जाएंगे

सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा करने वाले नए आईपीएस अधिकारियों को कैडर में जाने से पहले गृह मंत्रालय से संबद्ध किया जाएगा। 78वें नियमित भर्ती बैच के 151 अधिकारियों के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में विशेष कार्यक्रम रखा गया है। इस बैच में 16 विदेशी अधिकारी प्रशिक्षु भी शामिल हैं।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के नए प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने-अपने कैडर में परिवीक्षा प्रशिक्षण और उसके बाद तैनाती के लिए भेजे जाने से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय से संबद्ध किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ऐसा पहली बार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 78वें नियमित भर्ती बैच में 151 अधिकारी प्रशिक्षु शामिल हैं जिनमें पड़ोसी देशों के 16 विदेशी अधिकारी भी हैं।
इस बैच ने हाल में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा किया है। सूत्रों के अनुसार, 2025 के इस बैच को गृह मंत्रालय से संबद्ध करने के लिए बृहस्पतिवार को विज्ञान भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आईपीएस अधिकारियों के इस बैच की दीक्षांत परेड को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने 17 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश पढ़ा।
इसमें आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति, समयबद्ध कार्रवाई और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया था।
अन्य न्यूज़













