Indore के राऊ में तेज रफ्तार SUV ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 5 घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले स्थित राऊ कस्बे में बुधवार दोपहर एक अनियंत्रित एसयूवी ने राहगीर, चार दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पांच लोग घायल हो गए। हादसे में दो लोग करीब 200 फुट तक घिसटते चले गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग सहित सभी पीड़ितों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक अमन को हिरासत में ले लिया है।

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के राऊ कस्बे में बुधवार को तेज रफ्तार एसयूवी ने दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे में कम से कम दो लोग करीब 200 फुट तक घसीटते गए।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोपहर में श्रमिक कॉलोनी के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज गति से वाहन चला रहा एसयूवी चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। पुलिस के मुताबिक, चालक ने पहले एक पैदल यात्री को टक्कर मारी। इसके बाद घबराकर मौके से भागने की कोशिश में उसने चार दोपहिया वाहनों और विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर पलट गया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निधि सक्सेना ने बताया कि घायलों की पहचान राजपाल सिंह, भगत सिंह, पवन, मुस्तफा और एक अज्ञात बुजुर्ग के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर आपातकालीन एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल (एफआरवी) की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

राऊ पुलिस ने पुष्टि की कि हादसे में दो लोगों को करीब 200 फुट तक घसीटा गया। पुलिस ने एसयूवी जब्त कर चालक अमन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने राऊ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़