Haridwar के Roorkee में भाई ने की दो बहनों की गोली मारकर हत्या, जीजा गंभीर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तराखंड के रुड़की स्थित गंगनहर क्षेत्र में मंगलवार रात विवेक कुमार नामक व्यक्ति ने अपने परिवार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में आरोपी की दोनों सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जीजा का अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रुड़की के गंगनहर क्षेत्र में मंगलवार रात एक व्यक्ति ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस वारदात में आरोपी का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी विवेक कुमार मंगलवार रात सबसे पहले अपनी एक बहन पुष्पा के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी। इसके बाद वह अपनी दूसरी बहन शकुंतला के घर गया, जहां उसने शकुंतला और उसके पति पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल जीजा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विवेक कुमार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़