Faridabad में कार पार्किंग झगड़े पर पड़ोसी ने NRI की 9 गोलियां मारकर की हत्या, आरोपी अरेस्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

फरीदाबाद के सेक्टर 21सी में पार्किंग को लेकर उपजे विवाद में मोनू शर्मा ने अपने पड़ोसी परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिंगापुर की निजी कंपनी में कार्यरत धनखड़ दिवाली मनाने स्वदेश आए थे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फरीदाबाद, सात नवंबर फरीदाबाद के सेक्टर 21सी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में सिंगापुर की एक निजी कंपनी में काम करने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत धनखड़ पर करीब 15 गोलियां चलाईं, जिनमें से नौ उन्हें लगीं।

धनखड़ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, धनखड़ का परिवार सेक्टर 21सी स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता है।

पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद था। शुक्रवार रात जब धनखड़ जिम से लौटे और उन्होंने शर्मा से अपनी निर्धारित पार्किंग की जगह पर खड़ी कार हटाने को कहा, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया।

धनखड़ के बेटे शौर्य से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कारतूस के खोखे बरामद किए। सिंगापुर में रहने वाले धनखड़ अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए पांच नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भतीजे की शादी में भी शामिल होना था।

सूरजकुंड थाने के प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने बताया कि परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत के आधार पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि हमने मुख्य आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़