Dharmendra Pradhan का Bhagwant Mann पर हमला, सिख गुरुओं का अनादर किया, इस्तीफा दें

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक विवादित वीडियो को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की है, जिसमें उन पर सिख गुरुओं का अनादर करने का आरोप लगाया गया है। यह विवाद अकाल तख्त द्वारा मान के खिलाफ जारी किए गए एक आदेश से जुड़ा है, जो 'गुरु की गोलक' पर कथित टिप्पणी और आपत्तिजनक गतिविधियों से संबंधित है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक विवादित वीडियो के सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। प्रधान ने कहा कि किसी को भी सिख गुरुओं का अनादर करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “यह आस्था का विषय है। हमारे मन में गुरुओं के प्रति सर्वोच्च श्रद्धा है। किसी को भी उनका अपमान करने का अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनका अपमान किया है। उन्हें जो भी निर्देश जारी किए गए हैं, उनका उन्हें सामना करना होगा। नैतिक आधार पर उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।”
प्रधान ने मान से जुड़े विवादित वीडियो के बारे में पूछे जाने पर यह बात कही। प्रधान, आपातकाल लागू किए जाने के 51 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है जिसके संबंध में सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था अकाल तख्त ने 15 जून को भगवंत मान के खिलाफ एक आदेश जारी किया था।
यह मामला इस वर्ष जनवरी में शुरू हुआ था जब भगवंत मान को ‘गुरु की गोलक’ (गुरुद्वारे के दान पात्र) पर कथित टिप्पणी करने और एक कथित वीडियो क्लिप में सिख गुरुओं व मारे गए उग्रवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले की तस्वीरों के साथ “आपत्तिजनक गतिविधियों” में शामिल होने के आरोप में अकाल तख्त ने तलब किया था। हरियाणा पुलिस ने मंगलवार को इस विवाद से जुड़े वायरल वीडियो के संबंध में एक फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट कथित रूप से हासिल करने के मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
अन्य न्यूज़















