Delhi Baljeet Nagar: पटाखे जलाने पर विवाद में लोहे की छड़ से पीटकर किशोर की हत्या

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत थाना क्षेत्र अंतर्गत बलजीत नगर में पटाखे चलाने को लेकर हुए झगड़े में एक लड़के के पिता ने दूसरे किशोर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर हालत में लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या की धारा में मामला दर्ज कर नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर दिल्ली के बलजीत नगर इलाके में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में सोमवार को एक नाबालिग लड़के की कथित रूप से लोहे की छड़ से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बलजीत नगर की पंजाबी बस्ती में पटाखे फोड़ने को लेकर दो नाबालिग लड़कों में पहले बहस हुई जिसके बाद हाथापाई होने लगी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि झगड़े के दौरान एक लड़के के पिता ने दूसरे किशोर पर कथित रूप से लोहे की छड़ से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उन्होंने बताया कि घायल को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आनंद पर्वत थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

उन्होंने बताया कि विवाद की वजह बनी परिस्थितियों और हमले से पहले की घटनाओं के क्रम की जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि इस बाबत आनंद पर्वत इलाके में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या से संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है। उनके मुताबिक नाबालिग समेत दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है तथा मामले में जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़