चक्रवात Cyclone Murasu के असर से Odisha में बारिश, 1.60 लाख लोग सुरक्षित निकाले गए

चक्रवात Cyclone Murasu के असर से Odisha में बारिश, 1.60 लाख लोग सुरक्षित निकाले गए
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

आंध्र प्रदेश तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान टकराने के बाद ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। संभावित खतरों को देखते हुए राज्य प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों से 1.60 लाख से अधिक नागरिकों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाया है। आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका के चलते प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

भुवनेश्वर, तीन नवंबर आंध्र प्रदेश के तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के टकराने के बाद ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हुई और राज्य सरकार ने क्षेत्र के सभी जिलाधिकारियों को किसी भी प्रतिकूल मौसम स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कोरापुट, मलकानगिरि, कंधमाल, कालाहांडी और कई अन्य जिलों के जिलाधिकारियों ने हल्की बारिश की सूचना दी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम आशा करते हैं स्थिति प्रतिकूल नहीं होगी।’’ मंत्री ने कहा कि राज्य लगातार हाई अलर्ट पर है क्योंकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन ओडिशा के लिए एक बड़ी चुनौती बन रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम हाई अलर्ट पर हैं और मौसम की स्थिति को देखते हुए पहाड़ी इलाकों के लोग कुछ समय तक आश्रय स्थलों में ही रहेंगे।’’ भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य सरकार ने दक्षिण क्षेत्र के पांच जिलों में 1.60 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और आपदा प्रतिक्रिया टीम को तैनात किया है। चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के कारण मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में काफी नुकसान हुआ है, जहां हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और मछुआरों की नौकाओं को नुकसान पहुंचा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़