Tiger Shroff फायरिंग केस: Haryana के करनाल से महिला आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुंबई अपराध शाखा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई गोलीबारी के मामले में करनाल से एक 22 वर्षीय महिला को पकड़ा है। इस मामले में अब तक कथित शूटरों समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। जुहू में 18 अक्टूबर को हुई इस घटना में अभिनेता बच गए थे, जबकि उनका चालक और एक व्लॉगर घायल हुए थे।

मुंबई, दो नवंबर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई अपराध शाखा द्वारा हरियाणा से एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किए जाने से अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला को रविवार को करनाल से पकड़ा गया।

हालांकि, उन्होंने अपराध में उसकी विशिष्ट भूमिका या उसकी पहचान का खुलासा नहीं किया। अपराध शाखा के अधिकारी के अनुसार, आरोपी (22) को करनाल पुलिस की मदद से पकड़ा गया और उसे मुंबई लाने के लिए कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही, मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर को श्रॉफ की गाड़ी पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में कथित तौर पर गोली चलाने वाले लोगों सहित अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

यह घटना तब हुई थी जब अभिनेता एक फुटबॉल मैदान से बाहर निकल रहे थे। घटना में 36 वर्षीय अभिनेता बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके कार चालक और पास खड़े एक व्लॉगर घायल हो गए थे। मामले में गिरफ्तार किए गए कुल आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़