Ghaziabad की Vasundhara पुलिस चौकी में देर रात धमाका, डिलीवरी एजेंट घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में स्थित पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात अचानक हुए विस्फोट से खिड़की के शीशे टूट गए और एक फूड डिलीवरी एजेंट मामूली रूप से घायल हो गया। मामले में आतंकी पहलू से इनकार नहीं किया गया है और जांच के लिए एटीएस तथा बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर जांच हेतु आगरा प्रयोगशाला भेजे हैं।

गाजियाबाद (उप्र), सात नवंबर गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात हुए धमाके में एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि धमाके से पुलिस चौकी की खिड़की के शीशे टूट गए जबकि वहां मौजूद एक व्यक्ति को मामूली चोट आई। व्यक्ति खाने पीने की सामग्री की आपूर्ति करने वाली कंपनी का प्रतिनिधि (फूड डिलीवरी एजेंट) है।

मामले की जांच जारी है लेकिन पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच में संभावित आतंकी पहलु से भी इनकार नहीं किया जा सकता और आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) तथा बम निरोधक दस्तों को मौके पर भेजा गया है। ‘तहरीक उल मुजाहिदीन’ नामक संगठन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस धमाके की जिम्मेदारी ली है, हालांकि पुलिस यह इस सोशल मीडिया पोस्ट की वैधता का पता लगा रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।’’ हालांकि, आधिकारिक पुलिस बयान आना अभी बाकी है।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है और उन्होंने वहां से नमूने इकट्ठा किए हैं। नमूनों को जांच के लिए आगरा लैब भेज दिया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़