ATF और Commercial LPG की कीमतों में इजाफा, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर

Atf Prices Hiked
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने वैश्विक बाजार के रुख को देखते हुए विमान ईंधन और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के नए दाम तय किए हैं। घरेलू उड़ानों के लिए एटीएफ अब 121.28 रुपये प्रति लीटर और 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 2,747.50 रुपये का हो गया है। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के अनुरूप विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में मंगलवार को 5.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई। वहीं, होटल तथा रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी के दाम में 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 9.50 रुपये की वृद्धि की गई। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर या 5.46 प्रतिशत बढ़ाकर 121.28 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

यह वृद्धि एक अगस्त को कीमतों में पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद हुई है। लगातार दो बढ़ोतरी से विमानन कंपनियों पर वित्तीय बोझ बढ़ेगा। विमानन कंपनियों की परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक होती है।

इसे भी पढ़ें: विमान ईंधन की कीमत में 5.46 प्रतिशत का इजाफा, वाणिज्यिक एलपीजी भी हुई महंगी

वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 2,738 रुपये से बढ़ाकर 2,747.50 रुपये कर दी गई है। बाजार मूल्य वाले पांच किलोग्राम के रसोई गैस एलपीजी सिलेंडर (जिसे पांच किलोग्राम एफटीएल कहा जाता है) की कीमत भी 762 रुपये से बढ़ाकर 764 रुपये कर दी गई है। कीमतों में यह वृद्धि लगातार दो महीने की कटौती के बाद हुई है।

एक अगस्त को 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 192 रुपये और एक जुलाई को 183.50 रुपये की कटौती की गई थी। एक जुलाई और एक अगस्त को वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में की गई दोनों कटौतियां पश्चिम एशिया संकट के कारण जून में कीमतों के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद हुई थीं। फरवरी के अंत में संघर्ष शुरू होने के बाद वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 1,373 रुपये बढ़कर फरवरी के 1,740.50 रुपये से जून में 3,113.50 रुपये हो गई थी।

इसे भी पढ़ें: कानपुर विमान हादसे से पहले डीजीसीए ने जारी की थी सुरक्षा चेतावनी

एटीएफ और एलपीजी की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। यह संशोधन अंतरराष्ट्रीय बाजार की संदर्भ कीमतों और विदेशी मुद्रा दरों के आधार पर होता है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण कीमतें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं।

इसे भी पढ़ें: GMR Group नए देशों में Airport कारोबार का विस्तार करेगा, यूरोप और एशिया पर नजर

रसोई में इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर के लिए 942 रुपये पर अपरिवर्तित रही। घरेलू एलपीजी की कीमत आखिरी बार सात जून को 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 29 रुपये बढ़ाई गई थी। पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति बाधित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च में कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि हुई थी।

मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इनके दाम भी फिलहाल अपरिवर्तित रखे गए हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़