Goa Police को ड्रग्स के खिलाफ देश में नंबर 1 बनना चाहिए: Amit Shah

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पणजी में गोवा पुलिस से मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में देश का नेतृत्व करने की अपील की। उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय 2026 से 2029 तक का रोडमैप तैयार कर रहा है ताकि हर गांव और शहर को नशामुक्त बनाया जा सके।

पणजी, सात सितंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को गोवा पुलिस से मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में आगे बढ़कर नेतृत्व करने और इस समस्या से निपटने में देश की नंबर एक पुलिस बल बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने मादक पदार्थों और नशे के खिलाफ मजबूत अभियान चलाने का फैसला किया है, जिसके लिए 2026 से 2029 तक का एक रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें सभी राज्य सरकारों और विभागों को साथ लाया जाएगा, ताकि हर गांव और शहर को नशामुक्त बनाया जा सके।

शाह ने कहा, “आज गोवा पुलिस ने कई क्षेत्रों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे उम्मीद है कि गोवा पुलिस मादक पदार्थों से निपटने में देश में नंबर एक बने और सबसे आगे रहे। यह मेरी आपसे उम्मीद भी है और मेरा अनुरोध भी।” वह यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में गोवा पुलिस को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान किया गया।

शाह ने गोवा की ओर से साइबर धोखाधड़ी हेल्पलाइन 1930 के लिए एआई आधारित कॉल एजेंट शुरू करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की पुलिस देश के दूसरे राज्यों की पुलिस से एक कदम आगे हो गई है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और राज्य के पुलिस महानिदेशक को बधाई देते हुए शाह ने कहा, “हमने अभी देखा कि इस हेल्पलाइन पर कोंकणी, मराठी, हिंदी और गुजराती भाषाओं में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

इसपर देश की सभी भाषाओं में शिकायत दर्ज होगी और यह सुनिश्चित होगा कि शिकायतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएं।” शाह ने कहा कि एआई आधारित कॉल एजेंट से देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से गोवा आने वाले पर्यटकों को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सावंत ने अपनी दूरदर्शिता दिखाते हुए पर्यटकों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सुनिश्चित किया कि एआई एजेंट केवल कोंकणी और मराठी तक सीमित न रहे, बल्कि संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में उपलब्ध हो।

All the updates here:

अन्य न्यूज़