पाक सेना ने सीमा पार Afghan Taliban की चौकियों और बंकरों पर की भारी गोलाबारी

खैबर पख्तूनख्वा के दक्षिण वजीरिस्तान और पाराचिनार से सटे सीमावर्ती इलाकों में कथित गोलीबारी के बाद पाकिस्तानी सेना ने जवाबी सैन्य कार्रवाई की। सरकारी मीडिया के अनुसार अंगूर अड्डा क्षेत्र में हुए हमलों में अफगान तालिबान के कई ठिकाने नष्ट हुए और कर्मियों को नुकसान पहुंचा। हालांकि अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पहले हमला करने का आरोप पाकिस्तान पर लगाया है।
पाकिस्तान की सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान और पाराचिनार जिलों में सीमा पार से कथित गोलीबारी के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए अफगान तालिबान की कई सीमा चौकियों और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सरकारी ‘रेडियो पाकिस्तान’ के अनुसार, अफगान तालिबान बलों ने 27 अक्टूबर को दक्षिण वजीरिस्तान के अंगूर अड्डा इलाके में ‘‘बिना किसी उकसावे के’’ गोलीबारी की थी, जिसके बाद पाकिस्तानी बलों ने सीमा पार स्थित ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की।
रिपोर्ट में कहा गया कि दक्षिण वजीरिस्तान और पाराचिनार से सटे इलाकों में अफगान तालिबान की कई सीमा चौकियों, बंकरों और सैन्य ठिकानों को भारी हथियारों से निशाना बनाया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि हमलों के बाद अफगान तालिबान के कई कर्मियों ने अपने ठिकाने छोड़ दिए, जबकि कुछ मारे भी गए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 27 अक्टूबर को अंगूर अड्डा में हुई सीमा पर गोलीबारी में आम नागरिक भी हताहत हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। अगले दिन अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना का अलग विवरण देते हुए आरोप लगाया कि हमला पाकिस्तानी बलों ने शुरू किया था।
अन्य न्यूज़













