Indian-origin Nithya Raman ने विरोध के बावजूद जीता Los Angeles Mayor चुनाव

Indian-origin Nithya Raman ने विरोध के बावजूद जीता Los Angeles Mayor चुनाव
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय मूल की नित्या रमन ने विरोध और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लॉस एंजिलिस के मेयर पद के चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। वह दिसंबर के मध्य में इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। पद संभालने के बाद उनके सामने बेघर लोगों के संकट, महंगे आवास और सार्वजनिक सुरक्षा जैसी प्रमुख समस्याओं से निपटने की चुनौती होगी।

लॉस एंजिलिस, नौ नवंबर (एपी) लॉस एंजिलिस की मेयर पद की दौड़ में खुद को एक बाहरी उम्मीदवार के तौर पर पेश करने वाली भारतीय मूल की नित्या रमन को नगर परिषद में अपने 14 सहयोगियों में से किसी का समर्थन नहीं मिला था। पुलिस यूनियन ने भी उनका विरोध किया, यहूदी समुदाय के साथ उनके मतभेद रहे और डेमोक्रेटिक पार्टी का पूरा नेतृत्व मौजूदा मेयर करेन बास के समर्थन में खड़ा था। लेकिन वह जीत गईं।

अब रमन के सामने खुद को एक सक्षम नेतृत्वकर्ता साबित करने की चुनौती है। नवनिर्वाचित मेयर के तौर पर रमन को लॉस एंजिलिस के बंटे हुए राजनीतिक माहौल और नगर प्रशासन के भीतर मतभेदों के बीच रास्ता बनाना होगा। इसके साथ ही उन्हें उन कई गंभीर समस्याओं से भी निपटना होगा, जिनका समाधान उनके पूर्ववर्ती नहीं कर सके।

इनमें लंबे समय से जारी बेघर लोगों का संकट, हॉलीवुड में रोजगार के अवसरों पर असर पड़ना तथा शहर की सड़कों और फुटपाथों की बदहाल स्थिति शामिल है। यह सब उन्हें सीमित बजट के बीच करना होगा। पहली बार नवनिर्वाचित मेयर के तौर पर पत्रकारों से बातचीत में रमन ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

उन्होंने कहा, बेघर लोगों की समस्या, आवास की बढ़ती कीमतें और सार्वजनिक सुरक्षा, शहर में मेरी प्राथमिकताएं यही होंगी। रमन लॉस एंजिलिस के कई निवासियों के लिए नया चेहरा हैं। इस शहर में स्थानीय राजनीति को लेकर आम तौर पर लोगों की दिलचस्पी कम रहती है।

हालांकि, अमेरिका के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले शहर का उनका नेतृत्व राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय रहेगा। खास तौर पर 2028 के ओलंपिक खेलों के लिए दुनिया भर से आने वाले लोगों की मेजबानी की तैयारी के मद्देनजर उन पर नजर रहेगी। दिसंबर के मध्य में पदभार संभालने के बाद रमन नगर प्रशासन में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेताओं की नई पीढ़ी का हिस्सा बनेंगी।

इस समूह में न्यूयॉर्क के जोहरान ममदानी और सिएटल की केटी विल्सन शामिल हैं। वाशिंगटन डीसी में जेनीस लुईस जॉर्ज मेयर निर्वाचित हुई हैं। उम्मीद है कि रमन शहर को राजनीतिक रूप से वामपंथी दिशा में ले जाएंगी।

हालांकि, वह डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका (डीएसए) से अलग राय रखने की अपनी इच्छा भी जाहिर कर चुकी हैं। रमन ने सितंबर में उम्मीदवारों के एक मंच पर कहा था, मेरी स्वतंत्रता हमेशा सर्वोपरि रहेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़