New Zealand को लगा झटका, फर्ग्यूसन और मैट हेनरी भारत के खिलाफ T20I सीरीज के बाकी मैचों से बाहर

Lockie Ferguson And Matt Henry
ANI
अंकित सिंह । Oct 29 2026 3:30PM

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी चोट के कारण भारत के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। फर्ग्यूसन की पिंडली और हेनरी की जांघ में चोट लगी है। कीवी टीम ने अंतिम दो टी20 मैचों के लिए मैट फिशर को टीम में शामिल किया है।

चोट के कारण न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी भारत के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे T20I मैच के दौरान फर्ग्यूसन की पिंडली (calf) में चोट लग गई, जिसके चलते वे कम से कम एक हफ्ते तक मैदान से बाहर रहेंगे। वहीं, उसी मैच में मैट हेनरी की जांघ (quad) में चोट लग गई, जिससे उन्हें ठीक होने में दो हफ्ते तक का समय लग सकता है।

इसे भी पढ़ें: बल्लेबाजी क्रम बदलते ही Tilak Varma का बदला अंदाज, पहली गेंद से आक्रामक खेल पर फोकस

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ आखिरी दो T20I मैचों के लिए तेज गेंदबाज मैट फिशर को अपनी टीम में शामिल किया है। उन्हें उम्मीद है कि 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज तक फर्ग्यूसन और हेनरी फिट हो जाएंगे। चौथा T20I शुक्रवार को और आखिरी T20I रविवार को खेला जाएगा। ICC के हवाले से न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि हम लॉकी और मैट के लिए बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चोटें तो लगती ही रहती हैं, लेकिन जब आपको कुछ मैच छोड़ने पड़ें, तो यह बिल्कुल भी आसान नहीं होता। अच्छी बात यह है कि मैट पहले से ही बाकी T20I मैचों से बाहर रहने वाले थे, क्योंकि आगे गर्मियों में उनका काफी व्यस्त शेड्यूल है। हमें उम्मीद है कि वह ODI मैचों में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि मुझे पता है कि लॉकी कल ईडन पार्क में दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम के सामने खेलने के लिए बहुत उत्साहित थे, लेकिन वह ODI मैचों में वापसी करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। भारत के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज में न्यूजीलैंड फिलहाल 0-3 से पीछे है।

इसे भी पढ़ें: England के James Anderson अब Italy में खेलेंगे Cricket, Napoli Knights के बने कप्तान

न्यूजीलैंड की टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, जैक फॉल्क्स, बेवोन जैकब्स, एडम मिल्ने, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर।

All the updates here:

अन्य न्यूज़