द्रविड़ और सहवाग की विरासत आगे बढ़ेगी, Australia के खिलाफ India U-19 टीम में Anvay Dravid और Aryavir Sehwag की धमाकेदार एंट्री

 Anvay Dravid and  Aryaveer Sehwag
Instagram

राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों का भारत की अंडर-19 एकदिवसीय टीम में चयन खेल की विरासत और युवा प्रतिभा के मिश्रण को दर्शाता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी श्रृंखला के लिए बीसीसीआई ने नेतृत्व और कौशल पर ध्यान केंद्रित करते हुए संतुलित टीम चुनी है जिसमें अन्वय द्रविड़ की निरंतरता और आर्यवीर सहवाग का पहला चयन भारतीय क्रिकेट के भविष्य के दृष्टिकोण का विश्लेषण प्रस्तुत करता है।

 दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों क्रमश: अन्वय और आर्यवीर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 सितंबर से होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति ने तीन एकदिवसीय और दो बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए अलग-अलग टीम का चयन किया है। लक्ष्य रायचंदानी एकदिवसीय टीम की कप्तानी करेंगे जबकि यशवर्धन सिंह चौहान को लंबे प्रारूप के मुकाबलों के लिए कप्तान बनाया गया है।

अन्वय और आर्यवीर दोनों को केवल एकदिवसीय टीम में जगह मिली है। दिल्ली प्रीमियर लीग में खेल रहे 18 वर्षीय आर्यवीर को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं भारत के पूर्व कप्तान और कोच द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय ने एकदिवसीय टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। वह पिछले महीने श्रीलंका दौरे पर गई अंडर-19 टीम का हिस्सा थे।

सत्रह वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय ने उस दौरे पर खेले गए दो युवा एकदिवसीय मैच में 14 और 87 रन बनाए थे। तीनों एकदिवसीय और पहला बहुदिवसीय मैच राजकोट में खेला जाएगा, जबकि दूसरा बहुदिवसीय मुकाबला अहमदाबाद में होगा।

भारत अंडर-19 एकदिवसीय टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान, रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल।

भारत अंडर-19 बहुदिवसीय टीम: यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय बिस्वास, रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़