Sensex 383 अंक लुढ़ककर 76,132 पर बंद, Nifty में भी 119 अंकों की गिरावट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को कच्चे तेल के बढ़ते दामों और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के चलते भारी बिकवाली देखी गई। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 382.62 अंक फिसलकर 76,132.81 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी भी 0.50 प्रतिशत टूटकर 23,779.15 अंक पर बंद हुआ। इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टाटा स्टील जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में प्रमुख रूप से नुकसान दर्ज किया गया।

मुंबई, सात सितंबर घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स 383 अंक टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी 119 अंक नीचे आया। कच्चे तेल के दाम में तेजी, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावना से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत टूटकर 76,132.81 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 544.91 अंक की गिरावट के साथ 75,970.52 अंक पर आ गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,779.15 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल, मारुति और पावर ग्रिड शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत बढ़कर 96.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की ऊंची कीमत और वैश्विक अनिश्चितता जारी रहने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इससे भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। पूरे कारोबारी सत्र के दौरान जोखिम से बचने के रुख के कारण बाजार दबाव में रहा।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहे।

चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट भी बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,111.94 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। सेंसेक्स शुक्रवार को 362.57 अंक चढ़कर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 24.25 अंक की बढ़त के साथ 23,897.70 अंक पर रहा था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़