US Dollar के मुकाबले संभला रुपया, दो पैसे सुधरकर 95.26 के स्तर पर बंद

घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल और कच्चे तेल के भाव में गिरावट के बीच बृहस्पतिवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.26 पर बंद हुआ। सत्र के दौरान 95.38 के निचले स्तर तक गिरने के बाद इसमें सुधार देखा गया। मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के बावजूद रुपये को घरेलू बाजार से राहत मिली।
घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अपेक्षाकृत सख्त रुख के कारण रुपया दो सप्ताह के निचले स्तर तक फिसल गया था। हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.20 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह फिसलकर 95.38 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक पहुंच गया। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
बुधवार को रुपया 21 पैसे टूटकर 95.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और मजबूत डॉलर के कारण रुपये पर हल्का नकारात्मक दबाव बने रहने का अनुमान है। दिसंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाए जाने की संभावना डॉलर को और मजबूत कर सकती है।’’ हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका तथा ईरान के बीच कूटनीतिक वार्ता को लेकर उम्मीदें निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकती हैं।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत बढ़कर 102.26 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.03 प्रतिशत गिरकर 114.13 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 905.01 अंक उछलकर 74,151.04 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 237.90 अंक बढ़कर 22,936.75 पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 943.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
अन्य न्यूज़













