PM Kisan: यूपी के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों को मिली 4,482 करोड़ की 24वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 4,482.19 करोड़ रुपये सीधे अंतरित किए गए।
दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 4,482.19 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की।
इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई। बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों को इसका लाभ मिला और उनके खातों में 4,482.19 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि किसानों की खुशहाली में गांवों की समृद्धि और गांवों की समृद्धि में राष्ट्र की प्रगति निहित है।
इसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की। इससे उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उनकी आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए केंद्र और राज्य की सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं।
दीपावली से पहले मिले इस उपहार के लिए उत्तर प्रदेश के सभी किसान भाइयों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवार को सालाना छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में दी जाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 फरवरी, 2019 को गोरखपुर से इस योजना की शुरुआत की थी।
अन्य न्यूज़













