IndiGo Ventures करेगा Sarvam में निवेश, विमानन संचालन में होगा सुधार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की उद्यम पूंजी शाखा इंडिगो वेंचर्स ने स्वदेशी तकनीक कंपनी सर्वम के सीरीज-बी फंडिंग दौर में निवेश करने का फैसला किया है। इस साझेदारी का मुख्य मकसद विमानन नेटवर्क में ग्राहक अनुभव को बेहतर करना और परिचालन से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं को आसान बनाना है। दोनों कंपनियां मिलकर विभिन्न एआई अनुप्रयोगों को विकसित कर पूरे नेटवर्क में लागू करेंगी।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की उद्यम पूंजी इकाई इंडिगो वेंचर्स ने शुक्रवार को कहा कि वह कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी सर्वम में निवेश करेगी। निवेश की वित्तीय जानकारी का खुलासा नहीं किया गया है। बयान के अनुसार, यह निवेश इंडिगो और सर्वम के बीच पहले से चली आ रही साझेदारी को आगे बढ़ाता है।

दोनों कंपनियां एआई प्रौद्योगिकी के जरिये विमानन कंपनी में ग्राहक अनुभव बेहतर करने, कर्मचारियों को अधिक सक्षम बनाने और जटिल परिचालन प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के लिए काम कर रही हैं। बयान में कहा गया कि यह निवेश इंडिगो में एआई आधारित नवाचार और परिचालन उत्कृष्टता को गति देने के लिए दीर्घकालिक आधार तैयार करेगा। सर्वम देश की पूर्ण-प्रणाली वाली स्वदेशी एआई कंपनी है।

इंडिगो वेंचर्स सर्वम के सीरीज-बी वित्तपोषण दौर के तहत निवेश करेगा। बयान के मुताबिक, इंडिगो और सर्वम ग्राहक अनुभव, कर्मचारियों की उत्पादकता और विमानन परिचालन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में एआई अनुप्रयोगों को विकसित और परखना जारी रखेंगे। सफल अनुप्रयोगों को इंडिगो के पूरे नेटवर्क में लागू करने की भी संभावना होगी।

इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा ने कहा कि सर्वम के साथ साझेदारी से कंपनी को भारत में विकसित और घरेलू बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार अत्याधुनिक एआई क्षमताओं तक पहुंच मिलेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़